मीडिया फेस्ट का समापन, पारदर्शी पत्रकारिता पर जोर
हुब्बल्ली. कर्नाटक विश्वविद्यालय धारवाड़ में आयोजित मीडिया फेस्ट-2026 का समापन समारोह मंगलवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने पत्रकारिता में पारदर्शिता, निष्पक्षता और नई तकनीकों के उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि कर्नाटक विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. शंकरप्पा वणिक्याल ने कहा कि पत्रकारिता अत्यंत प्रतिस्पर्धी क्षेत्र है और समाचार पत्रों को प्रतिदिन समाचार, विज्ञापन और प्रकाशन में पारदर्शिता बनाए रखते हुए समाज की अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यदि पत्रकार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाचार प्रस्तुत करें तो समाज की कई समस्याओं का समाधान संभव है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर सच्चाई के पक्ष में खड़ा होना चाहिए। पत्रकार व्यवस्था की कमियों को उजागर कर समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं। हालांकि आज शौकिया तौर पर मीडिया संस्थान शुरू करने और पत्रकार बनने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जिससे मीडिया की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को इस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है।
वरिष्ठ पत्रकार बंडू कुलकर्णी ने कहा कि आज पढऩे से अधिक देखने वालों की संख्या बढ़ गई है। सोशल मीडिया के कारण हर नागरिक किसी न किसी रूप में पत्रकार बनता जा रहा है, जिससे पत्रकारिता के स्वरूप में तेजी से बदलाव आया है। समाचार लेखन में भाषा सरल और आम लोगों को समझ में आने वाली होनी चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार मल्लिकार्जुन सिद्दन्नवर ने कहा कि पत्रकारों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है और समाज की समस्याओं को उजागर करना ही पत्रकारिता का मूल उद्देश्य होना चाहिए।
समारोह की अध्यक्षता पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजीवकुमार मालगत्ती ने की। इस दौरान विभिन्न पत्रकारों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि, प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित थे।

