हीट वेव एक्शन प्लान लागू
पानी, चारा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष फोकस
कलबुर्गी. जिले में भीषण गर्मी की संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष फौजिया तरन्नुम ने नागरिकों से अपील की है कि वे लू और अत्यधिक तापमान से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
शहर में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता कर फौजिया तरन्नुम ने संबंधित विभागों को पेयजल आपूर्ति, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता और हीट वेव से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार, 1 जनवरी से 25 मार्च 2026 के बीच जिले में सामान्य से 180 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। जहां सामान्य वर्षा 12.8 मिमी होती है, वहीं इस वर्ष 35.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसी के चलते सिंचाई सलाहकार समिति से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए कुल 4 टीएमसी पानी आरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है।
जिलाधिकारी फौजिया तरन्नुम ने कहा कि जिले में पेयजल और चारे की पर्याप्त व्यवस्था है। बड़े जलाशयों में अच्छा भंडारण है और उपलब्ध चारा अगले 45 सप्ताह के लिए पर्याप्त रहेगा। हीट वेव से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों की 15वीं वित्त योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पर होने वाले खर्च को प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहते हुए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाएं, ओआरएस और आइस पैक जैसी आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है।
जिले में हीट वेव एक्शन प्लान पहले ही लागू कर दिया गया है, जिसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ भंवरसिंह मीना, नगर निगम आयुक्त अविनाश शिंदे और अतिरिक्त उपायुक्त रायप्पा हुनसगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

