दावणगेरे में पोते, बागलकोट में बेटे को टिकट
सहानुभूति फैक्टर पर फैसला
हुब्बल्ली. कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने आखिरकार अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। दावणगेरे दक्षिण सीट से शामनूर शिवशंकरप्पा के पोते समर्थ शामनूर मल्लिकार्जुन को टिकट दिया गया है, जबकि बागलकोट सीट से दिवंगत एच.वाई. मेटी के छोटे पुत्र उमेश मेटी को उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी के इस फैसले के साथ ही लंबे समय से चल रहा टिकट वितरण का विवाद समाप्त हो गया। एआईसीसी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार सुबह आधिकारिक आदेश जारी कर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
दोनों सीटें संबंधित वरिष्ठ नेताओं के निधन के कारण रिक्त हुई थीं। ऐसे में कांग्रेस ने सहानुभूति के आधार पर परिवार के सदस्यों को टिकट देने का निर्णय लिया। दावणगेरे दक्षिण में अल्पसंख्यक समुदाय की ओर से भी दावेदारी की जा रही थी, लेकिन मंत्री एस.एस. मल्लिकार्जुन ने पार्टी नेतृत्व से चर्चा कर अपने पुत्र के लिए टिकट सुनिश्चित कराया, जिससे शामनूर परिवार का राजनीतिक प्रभाव बरकरार रहा।
वहीं बागलकोट में एच.वाई. मेटी के परिवार के भीतर टिकट को लेकर मतभेद सामने आए थे। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने स्वयं हस्तक्षेप कर मेटी परिवार के सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित किया। अंतत: पार्टी नेतृत्व ने उमेश मेटी के नाम पर मुहर लगाई।
उपचुनाव के लिए 23 मार्च नामांकन की अंतिम तिथि तय की गई है। 9 अप्रेल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी।
भाजपा ने दावणगेरे दक्षिण से श्रीनिवास टी. दास करियप्पा और बागलकोट से वीरन्ना चरंतीमठ को उम्मीदवार बनाया है।

