हुब्बल्ली में धर्मसभा; शुद्ध भाव, संयम और आत्मशुद्धि को बताया सच्ची उपासना का आधार
हुब्बल्ली. जैनाचार्य विमलसागर सूरीश्वर ने कहा कि धर्म की आराधना केवल परंपरागत क्रियाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसका उद्देश्य जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाना होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल दिखावे के लिए की गई उपासना से कोई लाभ नहीं होता, बल्कि कुवृत्तियों और कुसंस्कारों का त्याग ही सच्ची साधना है।
मरुधर शांति भवन में मंगलवार को आयोजित विशाल धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य ने कहा कि धर्मशास्त्रों में धन या संख्या को नहीं, बल्कि भावनाओं की शुद्धता को सर्वोच्च महत्व दिया गया है। आप कितना समय या धन धर्म में लगाते हैं, यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह मायने रखता है कि आपकी आराधना कितनी निष्कपट और मन कितना पवित्र है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य का मन, आहार, स्वभाव, व्यवहार और निर्णय—ये सभी उसकी धर्म साधना की वास्तविक परीक्षा हैं। यदि इन क्षेत्रों में पवित्रता और सकारात्मकता नहीं है, तो हमारी आराधना मात्र औपचारिकता बनकर रह जाती है।
इससे पूर्व आचार्य विमलसागर सूरीश्वर अपने वरिष्ठ शिष्य गणि पद्मविमलसागर और अन्य मुनिगण के साथ दादावाड़ी से पदयात्रा करते हुए हुब्बल्ली पहुंचे। संघ के मंत्री दिनेश संघवी के अनुसार, उनके आगमन पर भुसपेट क्षेत्र में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाजे-गाजे के साथ भव्य स्वागत किया। महिलाओं और कन्याओं ने कलश एवं स्वस्तिक रचना के साथ अभिनंदन किया। आचार्य ने 104 वर्ष प्राचीन जीर्णोद्धारित शांतिनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया।
आयंबिल ओली पर्व का शुभारंभ आज से
आचार्य ने जानकारी दी कि बुधवार से विश्वभर में जैन समाज द्वारा आयंबिल तप के ओली पर्व का शुभारंभ किया जा रहा है। हुब्बल्ली के जैन मरुधर संघ में भी यह पर्व विशेष भक्ति और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा। प्रतिदिन लगभग 300 साधक आयंबिल तप करते हुए एक समय सादा भोजन ग्रहण करेंगे।
इस दौरान नवपद आराधना के अंतर्गत विशेष पूजा, प्रतिक्रमण, देववंदना, कायोत्सर्ग ध्यान, स्वाध्याय और मंत्रजाप जैसे धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
संघ के अध्यक्ष जयंतीलाल परमार ने बताया कि पर्व की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। साथ ही, बुधवार दोपहर मरुधर शांति भवन में 45 से अधिक युवा, महिला एवं कन्या मंडलों की बैठक भी आयोजित की जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

