हुक्केरी में दर्दनाक घटना
सिलेंडर आपूर्ति बाधित होने से ठप पड़ा था व्यवसाय
बढ़ता गया आर्थिक और मानसिक दबाव
बेलगावी. जिले के हुक्केरी कस्बे में एलपीजी सिलेंडर की कमी और बढ़ते कर्ज के बोझ से परेशान एक होटल व्यवसायी द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राम हल्लूरी (45 वर्ष) के तौर पर की गई है, जो हुक्केरी के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित “हनुमान होटल” के मालिक थे।
पुलिस के अनुसार, राम हल्लूरी ने अपने ही होटल परिसर में आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ दिनों से होटल को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण होटल का संचालन पूरी तरह ठप हो गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि “राम कई वर्षों से होटल व्यवसाय चला रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में आर्थिक संकट गहराता गया। आय बंद होने से वे कर्ज की किस्तें और ब्याज चुकाने में असमर्थ हो गए थे। बताया जा रहा है कि कर्जदाताओं का दबाव लगातार बढ़ रहा था, जिससे वे मानसिक रूप से टूट गए थे।
एक स्थानीय व्यापारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति होती, तो शायद यह नौबत नहीं आती। छोटे व्यापारियों के लिए यह बहुत बड़ा संकट है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति में हो रही अनियमितताओं को लेकर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
हुक्केरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के पीछे के सभी कारणों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने अपील की कि मानसिक तनाव या संकट की स्थिति में सहायता लेना बेहद जरूरी है। आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है। जरूरत पडऩे पर परिजनों, मित्रों या हेल्पलाइन से संपर्क करें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

