इंदिरा कैंटीन पर भी असर, लकड़ी के चूल्हे पर बन रहा खाना
कापु (उडुपी). कर्नाटक में गहराते एलपीजी गैस संकट का असर अब तटीय क्षेत्र कापु में भी साफ दिखने लगा है। गैस की भारी कमी के कारण कई छोटे होटल बंद हो गए हैं, वहीं गरीबों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने वाली इंदिरा कैंटीन भी संकट से जूझ रही है।
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के चलते गैस आपूर्ति बाधित होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कापु तालुक प्रशासनिक परिसर के सामने स्थित इंदिरा कैंटीन में सिलेंडर की कमी के कारण ४-५ दिनों तक खाना बनाना पूरी तरह बंद रहा, जिससे यहां आने वाले जरूरतमंद लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
हालांकि, ग्रामीणों की मांग को देखते हुए अब कैंटीन कर्मचारी बाहर लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाकर व्यवस्था संभालने की कोशिश कर रहे हैं।
गैस की कमी का सीधा असर भोजन व्यवस्था पर पड़ा है। सुबह मिलने वाली इडली और दोपहर की चपाती की आपूर्ति बाधित हो गई है। इसके स्थान पर पुलाव, टमाटर भात, सज्जिगे और अवलक्की जैसे सीमित नाश्ते दिए जा रहे हैं। वहीं दोपहर और रात में केवल चावल और सांभर ही उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस संकट से आम जनता, विशेषकर गरीब वर्ग, सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।

