धार्मिक अनुष्ठान, पालकी उत्सव, रथ यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दो दिवसीय आयोजन होगा भव्य
बीदर. जिले के भालकी तालुक स्थित गोर चिंचोली गांव में महादेव का पारंपरिक दो जात्रा महोत्सव का रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ आगाज हुआ। दो दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में विविध पूजाएं, शोभायात्राएं, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विशेष आकर्षण रहेगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ धनसुरे ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 मार्च, रविवार को सुबह 9 बजे से महादेव का अभिषेक, होम और हवन जैसे वैदिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इसके बाद शाम के समय गांव के सिद्धरामेश्वर मठ से महादेव मंदिर तक भव्य पालकी उत्सव निकाला गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों और धार्मिक जयघोषों के बीच आकर्षक शोभायात्रा भी निकाली गई।
रात में मंदिर परिसर में अग्नि पूजा संपन्न हुई, जिसके पश्चात पूरी रात भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्ति रस में सराबोर यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
महोत्सव के दूसरे दिन 30 मार्च, सोमवार को दोपहर 12 बजे से मंदिर में पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए अन्न दासोह (भंडारा) की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में भक्तों के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद शाम 5 बजे महादेव का पारंपरिक रथ उत्सव आयोजित होगा, जिसमें भगवान की प्रतिमा को सुसज्जित रथ में नगर भ्रमण कराया जाएगा।
इसके अलावा, इस अवसर पर पुरवंतर नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो स्थानीय परंपरा और लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे।
मंदिर समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक महोत्सव में भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

