अहिंसा और अनेकांतवाद से ही संभव है विश्व शांति : अशोक बागमार
गजेंद्रगढ़. भगवान महावीर स्वामी की 2625वीं जयंती गजेंद्रगढ़ में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सकल जैन समाज, भगवान महावीर जैन आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के छात्र तथा स्थानीय प्रशासन ने मिलकर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैन संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार बागमार ने कहा कि विश्व में शांति स्थापित करने के लिए अहिंसा और अनेकांतवाद के सिद्धांतों को अपनाना आवश्यक है। जैन धर्म का मूल संदेश “जीओ और जीने दो” है, जो सभी जीवों के प्रति समान भाव और सहअस्तित्व की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महावीर की प्रतिमा पर तिलक और माल्यार्पण के साथ हुई। पवन बागमार एवं अजीत बागमार ने पूजन किया तथा मंगलाचरण से वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रूप से अतिथियों का स्वागत किया।
सभा में संजना बागमार और उप तहसीलदार नाडगौड़ा ने भी विचार व्यक्त करते हुए महावीर स्वामी के सिद्धांतों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में बाहुबली हुली, महावीर वंदकुदरी, रिकबचंद बागमार, वर्धमान, गौतम, अजीत बागमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अंत में सभी श्रद्धालुओं को मिठाई वितरित कर प्रभावना दी गई। इसके अतिरिक्त नगरपालिका परिसर में भी विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अधिकारी सहित कई लोग उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

