दक्षिण कन्नड़ से रायचूर के मानवी भेजने का आदेश
बेल्तंगडी (दक्षिण कन्नड़). सौजन्य प्रकरण से जुड़े आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले महेश शेट्टी तिमरोडी को एक बार फिर दक्षिण कन्नड़ जिले से तड़ीपार करने का आदेश जारी किया गया है। पुत्तूर की सहायक आयुक्त स्टेला वर्गीज ने आधिकारिक आदेश जारी कर उन्हें रायचूर जिले के मानवी पुलिस थाना क्षेत्र में भेजने का निर्देश दिया है।
इससे पहले सहायक आयुक्त ने महेश शेट्टी तिमरोडी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस के जवाब में उन्होंने 7 दिसंबर को अपने अधिवक्ता के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई थी।
वाद-प्रतिवाद के बाद तड़ीपार आदेश
पुत्तूर सहायक आयुक्त कार्यालय में हुई सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें रखी गईं। महेश शेट्टी तिमरोडी की ओर से अधिवक्ता ने तड़ीपार नोटिस का विरोध किया, लेकिन पुलिस की रिपोर्ट और प्रस्तुत कारणों को देखते हुए सहायक आयुक्त ने आदेश को पुन: पुष्टि कर दिया।
पुलिस रिपोर्ट बनी आधार
दक्षिण कन्नड़ जिला पुलिस ने महेश शेट्टी तिमरोडी को तड़ीपार करने के लिए ठोस कारणों सहित रिपोर्ट पेश की थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने यह कदम उठाया।
नोटिस के निष्पादन में बाधा
तड़ीपार आदेश की प्रति बेल्तंगडी पुलिस थाना को भेजी गई। 18 दिसंबर को पुलिस उजीरे स्थित उनके आवास पर नोटिस निष्पादन कराने पहुंची, लेकिन उस समय वे घर पर मौजूद नहीं थे।
इस तरह महेश शेट्टी तिमरोडी को एक बार फिर जिले से बाहर भेजने का प्रशासनिक आदेश लागू किया गया है, जिससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

