लिफ्ट में फंसे 8 मजदूर, 4 घंटे तक रहे बंद
बिजली बाधित होने से लिफ्ट रुकी, एक मजदूर की तबीयत बिगड़ी
अधिकारियों ने सुरक्षित बाहर निकाला
रायचूर. जिले के हट्टी स्वर्ण खदान में गुरुवार सुबह एक गंभीर हादसा टल गया, जब सेंट्रल शाफ्ट की लिफ्ट में अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने से 8 मजदूर अंदर ही फंस गए। करीब चार घंटे तक मजदूर लिफ्ट में बिना हवा और पानी के फंसे रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बन गई।
रात की पाली में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मजदूर रात की पाली में काम पर जाने के लिए लिफ्ट से नीचे जा रहे थे, तभी अचानक बिजली गुल हो गई और लिफ्ट बीच में ही रुक गई। लिफ्ट में आदप्पा, नागराज, श्रीकांत, ख्वाजाहुसैन, बसवराज, इमाम साब, मोगलप्पा और हनुमंत सहित कुल आठ मजदूर सवार थे।
एक मजदूर की बिगड़ी हालत
लंबे समय तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण हनुमंत नामक मजदूर को घुटन महसूस होने लगी, जिससे उसे चक्कर आकर वह गिर पड़ा। अन्य मजदूरों ने किसी तरह उसे संभाला।
चार घंटे बाद राहत
घटना की जानकारी मिलते ही खदान कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तकनीकी टीम की मदद से लिफ्ट को दुरुस्त किया गया। इसके बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बीमार पड़े हनुमंत को तुरंत खदान कंपनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
मजदूर नेताओं ने की मुलाकात
घटना की सूचना मिलते ही मजदूर संघ के नेता अस्पताल पहुंचे और घायल मजदूरों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर उपचार देने के निर्देश भी दिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

