एक आरोपी गिरफ्तार
‘घर की नींव में मिला खजाना’ कहकर रचा षड्यंत्र
हावेरी. जिले के बंकापुर थाना पुलिस ने नकली सोने की ईंटें बेचकर 5 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हरपनहल्ली तालुक के कोरचरहट्टी गांव निवासी रामप्पा के. को हिरासत में लिया गया है। उसके पास से 4 लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जबकि एक अन्य मुख्य आरोपी फरार है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से लोगों के मोबाइल नंबर एकत्र किए और उन्हें फोन कर ‘घर की नींव खोदते समय 4 किलो सोने की ईंटें मिलने’ की कहानी सुनाई। वे दावा करते थे कि बेटी की शादी के लिए तत्काल धन की जरूरत है और स्थानीय स्तर पर बेचने पर सरकार को जानकारी हो जाएगी, इसलिए 250 ग्राम सोना 20 लाख रुपए में बेचने की पेशकश की जाती थी।
महाराष्ट्र के शंकर हरिबाहु दुदानी को 5 दिसंबर 2025 को इसी तरह फोन किया गया और बंकापुर टोलगेट पर बुलाया गया। 13 दिसंबर को शिकायतकर्ता वहां पहुंचे, जहां आरोपियों ने दो असली सोने की ईंटें जांच के लिए दिखाईं। भरोसा जीतने के बाद 250 ग्राम सोने के लिए 5 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। बाद में आरोपियों ने नकली ईंटें थमा दीं और नकदी लेकर फरार हो गए।
कुछ समय बाद जांच करने पर सोना नकली निकला। फोन बंद मिलने पर पीडि़त ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले की आगे जांच जारी है।

