‘ट्रंप बाबा की बात सुन रहे मोदी बाबा’श्रम मंत्री संतोष लाड।

संतोष लाड का भाजपा पर तीखा हमला

अमरीका-भारत समझौते, किसानों और राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार से उठाए सवाल

हुब्बल्ली. कर्नाटक के श्रम मंत्री संतोष लाड ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भाजपा सेना प्रमुख रहे जनरल नरवणे को भी देशद्रोही कह सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्वयं पूर्व सेना प्रमुख द्वारा लिखी गई पुस्तक मौजूद है, तो भाजपा उसे प्रकाशित करने की अनुमति क्यों नहीं दे रही है।

पत्रकारों से बातचीत में लाड ने कहा कि भारत और अमरीका के संबंध अब इस स्थिति में पहुंच गए हैं कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जो कहते हैं, वही भारत को स्वीकार करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरीका से भारत आने वाले उत्पादों पर शून्य कर लगाया जा रहा है, जबकि भारतीय किसानों के उत्पादों पर भी शून्य कर की बात हो रही है, जिससे किसानों को गंभीर नुकसान होगा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि “ट्रंप बाबा जो कहें, वही मोदी बाबा सुन रहे हैं।”

राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल

लाड ने कहा कि अब तक कितने बांग्लादेशी नागरिकों को देश से बाहर निकाला गया है, इस पर केंद्र सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने पूछा कि क्या देश की सीमाओं की रक्षा करना केवल राज्यों की जिम्मेदारी है।

राम मंदिर और कॉर्पोरेट ऋण पर आरोप

राम मंदिर निर्माण के समय की चर्चा करते हुए लाड ने कहा कि उस दौरान भगवान राम की प्रतिमा से अधिक बड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र लगाए गए थे, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 16 लाख करोड़ रुपए से अधिक के कॉर्पोरेट ऋण माफ कर दिए, लेकिन अब तक किसानों का ऋण माफ नहीं किया गया।

लाड ने कहा कि बैंकों से धोखाधड़ी कर देश छोडऩे वाले अधिकांश लोग गुजरात से जुड़े रहे हैं, फिर भी इसे ‘गुजरात मॉडल’ कहा जाता है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित कोई भी राज्य देश के सबसे सुरक्षित राज्यों की सूची में पहले स्थान पर नहीं है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *