पुलिस व आरटीओ की संयुक्त कार्रवाई
हेलमेट चालान को लेकर लोगों में नाराजगी
होसपेट (विजयनगर). जिले में वाहनों पर लगी त्रुटिपूर्ण और नियमों के विपरीत नंबर प्लेट के खिलाफ जिला पुलिस और आरटीओ विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया है। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जांच कर 288 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक एस. जाह्नवी ने बताया कि अभियान के तहत होसपेट उपविभाग में 65, कूडलिगी उपविभाग में 73 और हरपनहल्ली उपविभाग में 150 मामले दर्ज किए गए। इस प्रकार पूरे जिले में कुल 288 मामलों में कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल), आरसी, बीमा प्रमाणपत्र और प्रदूषण जांच प्रमाणपत्र (पीयूसी) अनिवार्य रूप से रखें। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के अनुसार वाहनों पर निर्धारित मानकों वाली नंबर प्लेट ही लगाएं।
इसी अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया चालकों से भी जुर्माना वसूलना शुरू किया। हालांकि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक द्वारा पहले कोई आधिकारिक घोषणा नहीं किए जाने के कारण कई वाहन चालकों ने असंतोष व्यक्त किया।
शहर के अधिकांश दोपहिया चालकों के सिर पर हेलमेट नहीं दिखाई दिए। अचानक हेलमेट चालान शुरू होने से कुछ लोगों ने इसे लेकर नाराजगी भी जताई। हालांकि पुलिस का कहना है कि सडक़ सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है।

