दक्षिण-पश्चिम रेलवे की 16 ट्रेनों का रूपांतरण अधर में
ऑनलाइन बुकिंग में नहीं दिख रहीं सेवाएं
यात्रियों ने उठाए सवाल
हुब्बल्ली. दक्षिण-पश्चिम रेलवे (दपरे) की ओर से 16 विशेष ट्रेनों को स्थायी (सामान्य) ट्रेनों में बदलने का निर्णय लेने के बावजूद अधिकांश ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। केवल यशवंतपुर-होसूर ट्रेन को छोडक़र बाकी सेवाएं ठप हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रूपांतरण के बाद भी सेवा शुरू नहीं
रेलवे ने लंबे समय से चल रही विशेष ट्रेनों को स्थायी बनाने का निर्णय लिया था। इसके तहत 31 मार्च तक कई विशेष ट्रेनों की अवधि समाप्त कर दी गई। लेकिन 1 अप्रेल से जब यात्रियों ने अग्रिम आरक्षण की कोशिश की, तो न तो विशेष ट्रेनें और न ही नई सामान्य ट्रेनें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दिखाई दीं। इससे भ्रम और असुविधा की स्थिति बनी हुई है।
विशेष ट्रेनों की व्यवस्था क्या है?
आमतौर पर विशेष ट्रेनें दो परिस्थितियों में चलाई जाती हैं। त्योहारों या भीड़भाड़ के समय अस्थायी रूप से और किसी मार्ग पर मांग का आकलन करने के लिए 3 से 6 महीने तक। यदि यात्रियों की संख्या अपेक्षा के अनुरूप होती है, तो इन्हें स्थायी किया जाता है, अन्यथा सेवा बंद कर दी जाती है।
6 साल से चल रहीं ट्रेनें भी नहीं हुईं स्थायी
चौंकाने वाली बात यह है कि कई ट्रेनें पिछले छह वर्षों से विशेष रूप में चल रही थीं, लेकिन उन्हें समय पर स्थायी नहीं किया गया। हर 3 या 6 महीने में उनकी अवधि बढ़ाई जाती रही। इस मुद्दे के उजागर होने के बाद रेलवे ने कार्रवाई करते हुए रूपांतरण का निर्णय लिया, जिसे रेलवे बोर्ड की मंजूरी भी मिली।
यात्रियों और कार्यकर्ताओं की नाराजगी
रेलवे कार्यकर्ता के.एन. कृष्णप्रसाद ने कहा कि तमिलनाडु में चुनाव के कारण यशवंतपुर-होसूर ट्रेन तो चल रही है, लेकिन अन्य कई महत्वपूर्ण सेवाएं बंद हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत हो रही है।
यात्री एम. करिबसप्पा ने आरोप लगाया कि विशेष ट्रेनों में किराया लगभग 30 प्रतिशत अधिक होता है, इसलिए अधिकारियों की रुचि उन्हें ही चलाने में अधिक रहती है। कई ट्रेनों को कागजों में सामान्य घोषित किया गया है, लेकिन वे अभी तक शुरू नहीं हुई हैं।
जल्द ही सभी सेवाएं शुरू की जाएंगी
वर्षों से चल रही विशेष ट्रेनों को स्थायी बनाने की प्रक्रिया जारी है। रेलवे बोर्ड ने निर्णय ले लिया है और प्रत्येक ट्रेन के लिए अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की जा रही हैं। जल्द ही सभी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।
–मंजुनाथ कनमरडी, जनसंपर्क अधिकारी, दक्षिण-पश्चिम रेलवे
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

