आंख मुंदे बैठे अधिकारी और पर्षद
जनता को रही परेशानी
हुब्बल्ली. शहर की कई व्यस्त सडक़ों के बीच में गड्ढे बने हैं और सीवर के मैनहोल के ढक्कन टूट गए हैं, इसके बावजूद कई महीनों के बाद भी इसे ठीक करने के लिए कोई नहीं आ रहा है। सडक़ पर बने ये गड्ढे और मैनहोल बाइक, कार, ऑटो रिक्शा जैसे छोटे वाहनों और पैदल चलने वालों के लिए आफत बने हुए हैं। इनसे जान का खतरा बना रहता है। जान हथेली पर लेकर गुजरना पड़ रहा है।
हादसों को दावत दे रहे हैं गड्ढे
जनता बाजार मुख्य सडक़ पर दुर्गा देवी मंदिर के सामने, कमरिपेट पुलिस थाने से मूरुसाविर मठ को जोडऩे वाली सडक़ पर, रेलवे स्टेशन प्रवेश के मुख्य द्वार के सामने, होसूर बस स्टैंड के पीछे वाले गेट पर, गोकुल रोड औद्योगिक क्षेत्र मुख्य सडक़ पर… कई जगहों पर बने गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कोस रहे दुकानदार
समस्याग्रस्त मुख्य सडक़ पर वाहनों का दबाव और भीड़ जमा होने पर गड्ढे नजर नहीं आने से दोपहिया चालकों को परेशानी होती है। ऐसी घटनाएं हर रोज हो रही हैं। घटना घटते ही आसपास के दुकानदार नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को कोसते हुए मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं। हादसों को दावत देते सडक़ पर बने गड्ढे को दूर से देखने के लिए लोग उसमें लकड़ी की टहनियां घुसोते हैं, उसके चारों ओर पत्थर रखते हैं या उस पर बेकार चीजें रख देते हैं।
रोजाना घायल हो रहे लोग
नूरानी मार्केट के व्यापारी मल्लेश ने कहा कि सडक़ पर गड्ढा हुए दो माह हो गए हैं। अभी तक इसकी मरम्मत के लिए कोई नहीं आया है। बारिश का पानी भारी मात्रा में बहता है तो सडक़ पर बने गड्ढे ढक जाते हैं। बाइक के पेट्रोल टैंक पर बच्चों को बिठाकर ले जाने वालों को यह गड्ढे नजर नहीं आते हैं। इसके चलते कमरिपेट पुलिस थाने से आने वाले और बाजार से बेंगलूरु रोड की ओर जाने वाले कई बाइक चालक गड्ढों में फंस रहे हैं और रोजाना घायल हो रहे हैं। संबंधित गैर-जिम्मेदार अधिकारियों और राजनेताओं को इन गड्ढों पर ला कर बिठाना चाहिए।
रोजाना ट्रैफिक की समस्या
व्यस्त सडक़ों पर ऐसी समस्या को हल करने के लिए हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम महीनों का समय ले रहा है। आवासीय इलाकों की सडक़ों पर बारिश के पानी से बने गड्ढों की मरम्मत के लिए छह माह से अधिक इंतजार करने की स्थिति बनी हुई है। होसूर बस स्टैंड के पीछे से कारवार रोड को जोडऩे वाली सडक़ पर एक मैनहोल खुला हुआ था। इस संकरे रास्ते पर रोजाना ट्रैफिक की समस्या हो रही थी। इस गंभीर समस्या का समाधान करने में महानगर निगम को एक महीने से अधिक समय लगा।
तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करे नगर निगम
लोगों का कहना है कि कारवार रोड इंडिपंप से बन्निगिडा बस डिपो को जोडऩे वाले मार्ग के चन्नपेट की ओर मोड़ पर सडक़ का टूटना आम बात है। रोजाना जाम लग रहा है। समस्या विकराल स्तर पर पहुंच जाने के डेढ़ साल बाद भी इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पुरानी हुब्बल्ली के बांती कट्टा, अयोध्या नगर, अक्कीपेट, ईश्वर नगर, गिरियाल रोड, नेकार गली, एसएम कृष्णा नगर, किम्स के पीछेवाली सडक़, उदयनगर मुख्य सडक़, स्टेशन रोड अंडर ब्रिज, देसाई क्रॉस मार्गों पर बारिश के कारण बने खुले गड्ढों से यातायात में समस्या पैदा हो गई है। कम से कम महानगर निगम को मुख्य सडक़ों पर बने गड्ढों और खुले जल निकासी की समस्या पर तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करनी चाहिए।
वार्ड पार्षद कहां हैं?
लोगों का आरोप है कि लोगों की अपेक्षा है कि किसी भी वार्ड में जनता को होने वाली समस्या को महानगर निगम के ध्यान में लाकर उसे जल्द से जल्द हल करने का काम संबंधित वार्ड के पार्षदों को करना चाहिए। दरअसल वार्ड पार्षद भी समस्याएं दिख ही नहीं रही हों ऐसे घूमते हैं।
उदय नगर के निवासी सुधाकर शीलभद्र का कहना है कि लोग अपनी व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में वार्ड पार्षदों से शिकायत कर सकते हैं परन्तु सार्वजनिक सडक़ पर उत्पन्न होने वाली समस्या पर नगर निगम के पार्षदों को ध्यान देकर प्रतिक्रिया व्यक्त करनी चाहिए।
मरम्मत करने की कार्रवाई की जाएगी
सडक़ों पर बने गड्ढों की जांच के निर्देश दिए जाएंगे। ऐसी कोई समस्या संज्ञान में आते ही तुरन्त मरम्मत करने की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. ईश्वर उल्लागड्डी, आयुक्त, हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम