दावणगेरे उपचुनाव में टकराव
आपत्तिजनक बयान के बाद बढ़ा विवाद
पूर्व महापौर के समर्थकों और विधायक गुट में आमने-सामने की स्थिति, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दावणगेरे. दावणगेरे उपचुनाव के बीच सियासी माहौल उस समय गरमा गया जब कांग्रेस विधायक प्रदीप ईश्वर और भाजपा नेता व पूर्व महापौर बी.जी. अजयकुमार के समर्थकों के बीच खुला टकराव देखने को मिला। दोनों पक्षों के बीच चुनौती और जवाबी चुनौती के बाद शहर मानो राजनीतिक रणभूमि में तब्दील हो गया।
मामला तब शुरू हुआ जब कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ शामनूर के नामांकन के दौरान शहर पहुंचे विधायक प्रदीप ईश्वर ने भाजपा और उसके नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान से नाराज भाजपा नेता बी.जी. अजयकुमार ने उन्हें खुलेआम चुनौती देते हुए कहा था कि “हिम्मत है तो दावणगेरे आकर दिखाएं।”
चुनौती स्वीकार करते हुए विधायक प्रदीप ईश्वर शनिवार को कांग्रेस का झंडा लेकर भाजपा कार्यालय के पास से जुलूस निकालते हुए पहुंचे। उनके समर्थकों ने रास्ते भर भाजपा और अजयकुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए, जिससे तनाव और बढ़ गया।
स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब गुल्लम्मा मंदिर के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। हालांकि, पहले से तैनात भारी पुलिस बल और रिजर्व पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों गुटों को भिडऩे से रोक दिया और स्थिति को नियंत्रण में रखा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधायक के बयान अशोभनीय और भडक़ाऊ हैं। वे जिले की शांति भंग करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शनिवार को विधायक के पुन: आगमन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक के पोस्टर पर चप्पल और झाड़ू से प्रहार कर विरोध जताया तथा “लुच्चा-लुच्चा” जैसे नारे लगाए।
पूरे घटनाक्रम के दौरान शहर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त किया गया था, खासकर भाजपा कार्यालय और जुलूस मार्ग के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इस घटनाक्रम ने दावणगेरे उपचुनाव को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और टकराव के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

