दांडेली में कांग्रेस का अनोखा विरोध
महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश
दांडेली (उत्तर कन्नड़). रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और गैस आपूर्ति में आ रही बाधा के विरोध में दांडेली ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर में अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया।
शहर के बस स्टैंड के सामने मुख्य सडक़ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सडक़ पर ही लकड़ी के चूल्हे जलाकर खाना बनाते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों से आम लोगों को हो रही परेशानी को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने “गैस के दाम कम करो”, “आम लोगों को तुरंत गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करो” और “महंगाई पर नियंत्रण करो” जैसे नारे लगाए। उन्होंने कहा कि महंगाई का सीधा असर गृहिणियों के जीवन पर पड़ रहा है और घर चलाना दिन-ब-दिन कठिन होता जा रहा है।
इस अवसर पर दांडेली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहन हलवाई, सचिव कीर्ति गांवकर, वरिष्ठ नेता तस्टर सौधाघर और रेणुका बदं ने कहा कि रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी बोझ पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में गैस आपूर्ति में बाधा आने से लोगों को फिर से लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटल, रिसॉर्ट और होम-स्टे जैसे पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल गैस की कीमतों में कमी करने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की।

