हुब्बल्ली में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी।

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
हुब्बल्ली. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अपनी प्रशासनिक विफलता, भ्रष्टाचार और अंदरूनी कलह को छुपाने के लिए दिल्ली में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया है। केंद्र सरकार की ओर से अनुदान आवंटन में अन्याय हुआ है कहना कांग्रेस प्रेरित है।
शहर में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जोशी ने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए और वर्तमान भाजपा प्रशासन की विकास योजनाओं पर नजर डालें तो सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। पहले कितना टैक्स आता था। राज्य को कितना जारी करते थे इस बारे में उन्हें अवलोकन करना चाहिए। अपनी नाकामी को छुपाने के लिए दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। सिद्धरामय्या और डीके शिवकुमार की प्रतिष्ठा के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है।

246 प्रतिशत अधिक अनुदान आया है
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने 2004-14 में 60 हजार करोड़ रुपए अनुदान दिया था। हमारे कार्यकाल में 2.36 लाख करोड़ रुपए दिया है, जो 243 फीसदी अधिक है। यूपीए के कार्यकाल 2004-14 के दौरान कर आवंटन में 81 हजार करोड़ रुपए राज्य को दिया गया। 2014-24 तक 2.82 लाख करोड़ रुपए दिया है। इसमें 246 फीसदी की बढ़ोतरी हुई  है।

आडवाणी को भारत रत्न, पीएम को आभार
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी एक कद्दावर नेता हैं। असीमित देशभक्त हैं। प्रेरक व्यक्तित्व वाले हैं। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना बेहद खुशी की बात है।
इसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आभार व्यक्त करते हैं।
जोशी ने कहा कि सफल नेता के तौर पर, उपप्रधानमंत्री के तौर पर, भाजपा के संस्थापकों में से एक सच्चे देशभक्त के तौर पर देश की सुरक्षा में आडवाणी का योगदान सराहनीय है। जितनी यात्राएं आडवानी ने इस देश में की हैं उतनी शायद किसी ने नहीं की होंगी। उच्च व्यक्तित्व वाले उन्हें भारत रत्न से सम्मान मिलना सार्थक है।

शेट्टर रहे नदारद
घर वापसी के बाद जिले में आयोजित पार्टी की पहली कार्यकारिणी की बैठक से पूर्व सीएम जगदीश शेट्टर नदारद रहे। इस बारे में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा कि शेट्टर ने मुझे फोन करके बताया साथ ही उन्होंने जिला अध्यक्ष को भी बताया है कि उनका बैठक में भाग लेना संभव नहीं है। बाद में मुलाकात करने की बात कही है। जगदीश शेट्टर हुब्बल्ली में ही हैं। उनके घर पर कार्यक्रम है इसलिए नहीं आ पाने की बात कही है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *