60 करोड़ रुपए की परियोजना में घटिया काम का आरोप
पाइपलाइन टूटने से लोगों में नाराजगी
दांडेली (उत्तर कन्नड़). दांडेली नगर परिषद क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से चल रही 24 गुणा 7 पेयजल परियोजना की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। परियोजना की समयसीमा 19 मई 2026 तय की गई है, लेकिन काम पूरा होने से पहले ही कई स्थानों पर तकनीकी खामियां सामने आने से स्थानीय नागरिकों में आक्रोश और चिंता बढ़ गई है।
नागरिकों का कहना है कि शहर के विभिन्न वार्डों में बिछाई गई पाइपलाइन कई जगहों पर पानी का दबाव सहन नहीं कर पा रही है और टूटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। अभी परियोजना पूरी भी नहीं हुई है, फिर भी इस तरह की समस्याएं दिखाई दे रही हैं, जिससे काम की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार कई जगह पाइपलाइन ठीक तरह से नहीं बिछाई गई है। सडक़ों को खोदने के बाद उन्हें सही ढंग से पुन: बहाल नहीं किया गया है और कुछ स्थानों पर पानी के रिसाव की समस्या भी देखी जा रही है। ऐसे में भविष्य में 24 घंटे लगातार पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से हो पाएगी या नहीं, इस पर संदेह जताया जा रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि 19 मई की तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के दबाव में जल्दबाजी की जा रही है, जिससे गुणवत्ता से समझौता हो रहा है। यदि ऐसा ही चलता रहा तो भविष्य में बार-बार मरम्मत पर भारी खर्च होने की आशंका है।
लोगों ने परियोजना पूरी होने से पहले विस्तृत तकनीकी जांच कराने और घटिया काम के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो 60 करोड़ रुपए की यह महत्वाकांक्षी योजना अधूरी और बेअसर परियोजना बनकर रह सकती है।

