प्रशासन ने कहा—पर्याप्त है ईंधन
धारवाड़ में सोशल मीडिया संदेश से मची हलचल
अधिकारी बोले—घबराने की जरूरत नहीं
हुब्बल्ली. धारवाड़ शहर में पेट्रोल और डीजल की कथित कमी की अफवाह के चलते मंगलवार को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। चन्नम्मा पार्क, कोर्ट परिसर और केलगेरी झील सहित कई स्थानों पर स्थित पेट्रोल पंपों पर सैकड़ों वाहन लंबी कतारों में खड़े नजर आए।
स्थिति यह रही कि कई लोग केवल टैंक भरवाने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि कैन और बोतलों में भी पेट्रोल जमा करते दिखे। उपभोक्ता वासुदेव नीरलकट्टी ने बताया कि सोशल मीडिया पर पेट्रोल की कमी का संदेश देखा, इसलिए बाइक का टैंक फुल कराया और 10 लीटर अतिरिक्त पेट्रोल भी ले लिया।
हालांकि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है, इसके बावजूद लोगों में घबराहट बनी रही।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी विनोद हेग्गलगी ने अफवाहों का खंडन करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सभी पंपों पर नियमित आपूर्ति हो रही है। जनता अनावश्यक घबराहट में न आए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

