उत्तर कर्नाटक में बारिश का कहर, जनजीवन अस्त-व्यस्तबारिश से जलमग्न सडक़ पर से गुजरते वाहन।

हुब्बल्ली-धारवाड़ में जलभराव, हावेरी-गदग में तेज हवाए

ब्याडगी और चिंचोली में ओलावृष्टि, कई जगह पेड़ गिरे

हुब्बल्ली. उत्तर कर्नाटक के कई जिलों में बुधवार को तेज हवा, गरज-चमक और भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। धारवाड़, हुब्बल्ली, हावेरी, गदग और कलबुर्गी समेत कई इलाकों में करीब डेढ़ से दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से सडक़ों पर जलभराव हो गया और आवागमन बाधित रहा।

धारवाड़ और हुब्बल्ली में तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। टीवी टावर रोड पर बिजली के तार टूटकर गिरने से सडक़ बंद करनी पड़ी, जबकि कई जगह बैरिकेड लगाकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही, जिससे लोगों को अंधेरे में ही आवाजाही करनी पड़ी।

हुब्बल्ली शहर में दो घंटे से अधिक समय तक हुई भारी बारिश के कारण शहरी नाला के पास स्थित बस्तियों में घरों के अंदर पानी घुस गया। गोपनकोप्पा, गविसिद्धेश्वर कॉलोनी, उणकल और शांतिनिकेतन कॉलोनी समेत कई इलाकों में लोग पानी निकालने के लिए जूझते नजर आए। निचले क्षेत्रों कमरीपेट, नवनगर, स्टेशन रोड, लॅमिंग्टन रोड और दाजिबानपेट में जलभराव से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

धारवाड़ में श्रीनगर, साधनकेरी, नारायणपुर और गोवा रोड सहित कई क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। वहीं श्रीनिवास नगर में पेड़ बिजली के खंभे पर गिरने से खंभा टूट गया और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

इधर, हावेरी जिले में तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर गईं, जिससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी हुई। ब्याडगी में मूसलाधार बारिश के साथ बड़े आकार के ओले गिरने से मिर्च, ककड़ी सहित कई फसलें बर्बाद हो गईं। कुछ स्थानों पर बसों और निजी वाहनों के शीशे भी टूट गए।

कलबुर्गी जिले के चिंचोली क्षेत्र में ओलावृष्टि के कारण सडक़ें सफेद चादर से ढकी नजर आईं। इतनी अधिक मात्रा में ओले गिरे कि वाहनों का चलना मुश्किल हो गया। लोग इसे देख हैरान रह गए और कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया।

दावणगेरे जिले के जगलूर तालुक के मरिकट्टे गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक नारियल का पेड़ जलकर राख हो गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में असमय बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान चिंतित हैं।

मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई इलाकों में भारी नुकसान भी पहुंचाया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *