भीषण गर्मी का असर, नींबू और नारियल पानी के दाम आसमान पर
आम लोगों की जेब पर बढ़ा बोझ
एक सप्ताह में दोगुने हुए दाम
आपूर्ति की कमी और मौसम बना मुख्य कारण
उडुपी/कुंदापुर. बढ़ती भीषण गर्मी का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण ठंडे पेयों की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे नींबू और नारियल पानी जैसी जरूरी वस्तुओं के दामों में भारी उछाल दर्ज किया गया है।
कुछ दिनों पहले तक 70 रुपए प्रति किलो मिलने वाला नींबू अब 150 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं एक नींबू की कीमत 8 से 10 रुपए तक हो गई है। इसी तरह नारियल पानी का दाम 40 रुपए से बढक़र 60 रुपए तक पहुंच गया है।
गर्मी की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच सडक़ों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है। तेज धूप से राहत पाने के लिए लोग छाछ, नींबू पानी और नारियल पानी जैसे पेयों का सहारा ले रहे हैं, जिससे इनकी मांग में अचानक वृद्धि हुई है।
केवल नींबू ही नहीं, बल्कि अन्य हाइड्रेटिंग खाद्य पदार्थों की कीमतें भी बढ़ी हैं। खीरे का दाम 10 रुपए प्रति किलो से बढक़र 40 रुपए प्रति किलो हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि आंध्र प्रदेश सहित प्रमुख नींबू उत्पादक क्षेत्रों में भीषण गर्मी और अनियमित बारिश के कारण उत्पादन घटा है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके अलावा परिवहन लागत में वृद्धि ने भी कीमतों को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
स्थानीय सब्जी विक्रेता गणेश के अनुसार, आपूर्ति में कमी के कारण नींबू के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, फिलहाल एक नींबू 10 रुपए तक बिक रहा है।
उपभोक्ता चंद्र धन्या का कहना है कि नींबू के दाम बढऩे से जूस और अन्य पेय पदार्थ भी महंगे हो गए हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

