वरिष्ठ साधकों का सम्मान
अस्मिता फाउंडेशन का शुभारंभ
सामाजिक सेवा और महिला सशक्तिकरण पर जोर
धारवाड़. कर्नाटक अस्मिता फाउंडेशन की ओर से हालही में आयोजित वरिष्ठ नागरिकों का पर्व ‘60 की भव्यता-2026’ कार्यक्रम में वरिष्ठ साधकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज रोड स्थित सरकारी आर्ट गैलरी सभागार में संस्था का विधिवत उद्घाटन भी किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का गौरव किया गया।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
कर्नाटक विद्यावर्धक संघ के अध्यक्ष चंद्रकांत गुरप्पा बेल्लद ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर कहा कि स्वतंत्रता के बाद महिलाओं ने संघर्ष कर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है और अस्मिता फाउंडेशन जैसे संगठन उनके योगदान को सम्मानित करने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
वरिष्ठों की सक्रियता प्रेरणादायक
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद लोलेन्नवर ने कहा कि 60 वर्ष की आयु में भी वरिष्ठ साधक समाज और बदलती दुनिया के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहकर प्रेरणा दे रहे हैं।
संस्था की प्रतिनिधि प्रेमा नडुविनमनी ने कहा कि फाउंडेशन महिला स्वावलंबन, बाल विकास और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य करेगा।
महिलाओं की भूमिका पर विचार
सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. सरस्वती कलसद ने कहा कि महिला अपनी सृजनात्मक सोच और कार्यशैली से परिवार की मजबूत नींव तैयार करती है और हर स्थान पर अपनी पहचान स्थापित करती है।
सम्मानित हुए वरिष्ठ साधक
सेवानिवृत्त उप पुलिस अधीक्षक वाईडी. अगसिमनी ने बंड्री लिंगप्पा, सुरेश अल्लगी, गुरुसिद्दय्या हिरेमठ, गंगप्पा सोनार, संगय्यास्वामी हिरेमठ, अनुपमा फडनीस, एबी. मडिवालर और अभिनेता एनए. देसाई सहित कई वरिष्ठ साधकों को ‘60 की भव्यता’ पुरस्कार प्रदान किया।
कार्यक्रम में स्वागत गीत, प्रार्थना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को गरिमामय बनाया। साथ ही, प्रेमा नडुविनमनी की चित्रकला और हेमा पाटील की क्राफ्ट कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर बेलगावी कन्नड़ साहित्य परिषद के सचिव एमवाई. मेणसिनकाई, राष्ट्रीय स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डीवी. हालिबावी, राज्योत्सव पुरस्कार से सम्मानित बी. मारुति, हुब्बल्ली के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र पाटील, सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान बीडी. हिरेगौडर, तथा गदग के साहित्यकार एएस. मकानदार आदि उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

