मृत पाई गई पूर्व पार्षद की बेटी
पति पर अवैध संबंध का आरोप
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हुब्बल्ली. धारवाड़ शहर के जयनगर कॉलोनी में एक महिला की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सविता होंगलमठ के तौर पर की गई है, जो धारवाड़ नगर निगम की पूर्व पार्षद की बेटी बताई जा रही हैं। महिला अपने ही घर में मृत पाई गईं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन मृतका के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि सविता के पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसको लेकर दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि सविता अपने पति के संबंधों का विरोध करती थी। इसी कारण उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। हमें पूरा शक है कि उसकी हत्या की गई है।
मामले में एक और संदिग्ध पहलू सामने आया है। परिजनों के अनुसार, पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही सविता के शव को नीचे उतार लिया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह आत्महत्या थी तो पुलिस के आने से पहले शव को क्यों उतारा गया? हमें आशंका है कि पहले हत्या की गई और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी पर लटकाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही धारवाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मृतका के पति से पूछताछ कर सकती है।
इस घटना ने जयनगर कॉलोनी सहित पूरे धारवाड़ में सनसनी फैला दी है, वहीं स्थानीय लोग भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

