अप्रेल-मई तक सुबह 8 से दोपहर 1.30 बजे तक ही कार्य
कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर सरकार का निर्णय
जनसेवा प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन को विशेष निर्देश
हुब्बल्ली. कर्नाटक के उत्तरी जिलों में बढ़ती भीषण गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए 9 जिलों में सरकारी कार्यालयों के कार्य समय में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह नई व्यवस्था अप्रेल और मई 2026 तक लागू रहेगी।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार अब इन जिलों में सरकारी कार्यालय सुबह 8 से दोपहर 1.30 बजे तक ही संचालित होंगे। यह बदलाव बेलगावी संभाग के विजयपुर और बागलकोट जिलों तथा कलबुर्गी संभाग के सभी जिलों-कलबुर्गी, बीदर, यादगीर, रायचूर, कोप्पल, बल्लारी और विजयनगर में लागू किया गया है।
दरअसल, भीषण गर्मी के कारण कर्मचारियों को कार्य के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कर्नाटक राज्य सरकारी कर्मचारी संघ और अन्य कर्मचारी संगठनों ने सरकार से समय में बदलाव की मांग की थी। इस प्रस्ताव पर विचार करने के बाद सरकार ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए यह फैसला लिया।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कार्यालय समय में बदलाव के बावजूद आम जनता को मिलने वाली सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। सभी कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित समय में ही कार्य पूरी दक्षता से संपन्न हो।
इसके साथ ही निर्देश दिया गया है कि आपातकालीन परिस्थितियों या विशेष कार्यों के दौरान जिलाधिकारी अथवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के आदेश पर कर्मचारियों को समय की सीमा से परे भी काम करना होगा।
कर्मचारी एवं प्रशासनिक सुधार विभाग के अधीन सचिव की ओर से जारी इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि यह निर्णय कर्मचारियों को राहत देने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों को भी सुचारू बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

