मेट्रो किराया वृद्धि के विरोध पर तेजस्वी सूर्या की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व सांसद प्रताप सिंह का तीखा हमला
दावणगेरे. मेट्रो किराया वृद्धि के खिलाफ आवाज उठाने वाले सांसद तेजस्वी सूर्या की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व सांसद प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सूर्या को गिरफ्तार कराना इस बात का सबूत है कि सिद्धरामय्या अत्यंत कमजोर और डरपोक मुख्यमंत्री हैं।
हरिहर के राजनहल्ली स्थित वाल्मीकि पीठ में आयोजित वाल्मीकि जत्रा में शामिल होने पहुंचे प्रताप सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक ही साल में दो बार मेट्रो किराया बढ़ाकर आम जनता पर बोझ डाला है। जनता का सब्र जवाब दे रहा था, इसलिए तेजस्वी सूर्या ने आंदोलन कर मेट्रो किराया वृद्धि के खिलाफ आवाज उठाई और जनता को न्याय दिलाने का काम किया।
केंद्र से अनुदान, राज्य की नाकामी
उन्होंने आरोप लगाया कि मेट्रो परियोजना के विकास के लिए केंद्र सरकार से अनुदान मिल रहा है, लेकिन राज्य सरकार ने अपने बजट में मेट्रो के लिए पर्याप्त धन आवंटित नहीं किया। इसी नाकामी को छिपाने के लिए किराया बढ़ाया गया और उसके विरोध में उतरे सांसद को गिरफ्तार कराया गया।
प्रतीकात्मक विरोध
प्रताप सिंह ने कहा कि तेजस्वी सूर्या ने “खजाना खाली है” का प्रतीकात्मक विरोध कर सरकार की विफलता उजागर की, लेकिन सरकार ने सवाल पूछने वालों को दबाने का रास्ता अपनाया। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरनाक प्रवृत्ति बताया।
मुख्यमंत्री पर कटाक्ष
उन्होंने कहा कि 17 बार बजट पेश करने का दावा करने वाले और खुद को बड़े अर्थशास्त्री कहने वाले सिद्धरामय्या के कार्यकाल में आज विकास कार्यों के लिए धन नहीं है। केवल भाषणबाजी और कार्यक्रमों में उटपटांग बयान देने के अलावा सरकार को कुछ आता नहीं है।
प्रताप सिंह ने कहा कि एक युवा सांसद द्वारा सवाल पूछे जाने पर गिरफ्तारी कराना यह दर्शाता है कि मुख्यमंत्री कितने असहिष्णु और भयभीत हैं। कर्नाटक ने ऐसा कमजोर और डरपोक मुख्यमंत्री पहले कभी नहीं देखा।

