श्रीरामुलु का तंज
विधानसौधा मरम्मत पर सियासी कटाक्ष
आलाकमान के संकेत या सीएम बदलाव की आहट
बागलकोट. कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मंत्री बी. श्रीरामुलु ने विधानसौधा की मरम्मत को लेकर विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर पर व्यंग्य करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या की कुर्सी भी “रिपेयर” करवा दें। उनके इस बयान से राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छिड़ गई है।
नवनगर स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्रीरामुलु ने कहा कि जिस तरह स्पीकर ने विधानसौधा की मरम्मत करवाई और उसके बाद फोटोशूट कराया, उससे यह संकेत मिलता है कि या तो उन्हें आलाकमान की ओर से इस्तीफे का इशारा मिला है या फिर राज्य में मुख्यमंत्री परिवर्तन की तैयारी चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह “आइडिया” पूर्व नेता केंगल हनुमंतराय को भी नहीं आया था।
बी. श्रीरामुलु ने कहा कि विधानसौधा की मरम्मत के साथ जिस तरह प्रचार किया गया, उससे लगता है कि इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश छिपा है। अगर ऐसा है तो स्पीकर को सीएम की कुर्सी भी ठीक करवा देनी चाहिए।
इस दौरान उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। श्रीरामुलु ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति (एससी) का आरक्षण 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 17 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (एसटी) का 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया था, जिससे इन वर्गों के छात्रों और युवाओं को लाभ मिला। लेकिन वर्तमान सरकार ने इस पर रोक लगा दी है।
उन्होंने कांग्रेस नेता सतीश जारकीहोली पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। वे एक ‘सीजन पॉलिटिशियन’ हैं, जो केवल अवसर देखकर बयान देते हैं।
श्रीरामुलु के इस बयान ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। विधानसौधा की मरम्मत जैसे प्रशासनिक विषय पर भी सियासी रंग चढऩे से आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

