उगादी पर यात्रियों को राहत
बेलगावी, विजयपुर, हुब्बल्ली, उडुपी और कारवार समेत कई शहरों के लिए अतिरिक्त रेल सेवा
हुब्बल्ली. उगादी पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने बेंगलूरु से कर्नाटक के विभिन्न शहरों के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से बेलगावी, हुब्बल्ली, विजयपुर, उडुपी, कारवार समेत लगभग 15 जिलों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
दपरे अधिकारियों के अनुसार त्योहार के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न मार्गों पर विशेष एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जाएंगी।
बेंगलूरु-बेलगावी विशेष एक्सप्रेस (06503/06504) 18 मार्च को शाम 7 बजे एसएमवीटी बेंगलूरु से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7.35 बजे बेलगावी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 22 मार्च को शाम 5.30 बजे बेलगावी से चलकर अगले दिन सुबह 5 बजे बेंगलूरु पहुंचेगी। यह ट्रेन चिक्कबाणावर, तुमकूरु, अरसीकेरे, बीरूर, दावणगेरे, हरिहर, हावेरी, हुब्बल्ली, धारवाड़, अलनावर, लोंडा और खानापुर स्टेशनों पर रुकेगी।
यशवंतपुर-विजयपुर विशेष एक्सप्रेस (06277/06278) 18 मार्च की रात 9.50 बजे यशवंतपुर से चलकर अगले दिन सुबह 9.45 बजे विजयपुर पहुंचेगी। वापसी में 22 मार्च को दोपहर 1.30 बजे विजयपुर से रवाना होकर आधी रात 12.30 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन तुमकूरु, अरसीकेरे, बीरूर, दावणगेरे, हरिहर, राणेबेन्नूर, हावेरी, बादामी, बागलकोट और आलमट्टी में ठहरेगी।
इसके अलावा 18 मार्च को हुब्बल्ली-यशवंतपुर वन-वे विशेष एक्सप्रेस भी चलाई जाएगी, जो दोपहर 12 बजे हुब्बल्ली से रवाना होकर रात 8.15 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
वहीं यशवंतपुर-मडगांव-बेंगलूरु कैंट विशेष एक्सप्रेस (06267/06268) 18 मार्च को यशवंतपुर से चलकर उडुपी, कुंदापुर, भटकल, मुरुडेश्वर, कुमटा, गोकर्ण रोड और कारवार सहित कई तटीय स्टेशनों से होते हुए मडगांव पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 19 मार्च को मडगांव से चलकर अगले दिन बेंगलूरु कैंट स्टेशन पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार इन विशेष ट्रेनों में एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे त्योहार के दौरान यात्रियों को यात्रा में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

