ईरान पर अमरीका-इजराइल हमले की निंदा
केंद्र सरकार की विदेश नीति पर उठाए सवाल
धारवाड़. सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (कम्युनिस्ट) (एसयूसीआई-सी) की धारवाड़ जिला समिति ने ईरान पर अमरीका और इजराइल द्वारा किए गए सैन्य हमले के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को “अप्रेरित और साम्राज्यवादी आक्रमण” बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
जिला सचिव लक्ष्मण जडगन्नवर ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि अमरीका और इजराइल ने तथाकथित ‘पूर्व-निवारक हमला’ के नाम पर ईरान की संप्रभुता का उल्लंघन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सैन्य कार्रवाई में निर्दोष नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की जान गई है, जो अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों के विरुद्ध है।
प्रदर्शनकारियों ने भारत की विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश को युद्धोन्मुख नीतियों का समर्थन करने के बजाय शांति, कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संवाद को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से स्पष्ट रुख अपनाने और वैश्विक मंचों पर युद्धविराम की पहल करने की मांग की।
एसयूसीआई(सी) नेताओं ने विश्व समुदाय से एकजुट होकर सैन्य हस्तक्षेप का विरोध करने और शांति के पक्ष में जनमत तैयार करने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान जिला समिति के सचिवालय सदस्य गंगाधर बडिगेर सहित जिला समिति के सदस्य भुवन बल्लारी, दीपा धारवाड़, शरणु गोनवर, मधुलता गौडर, भवानी शंकर एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

