जिले में पाई अव्यवस्था
स्वप्रेरणा से दर्ज किया मामला
उप लोकायुक्त बी. वीरप्पा ने जिले का किया था दौरा
हावेरी. जिले का 12 से 14 फरवरी तक दौरा करने वाले उप लोकायुक्त बी. वीरप्पा ने स्थानीय अव्यवस्था को देखकर कई अधिकारियों को फटकार लगाई थी। हावेरी में अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिले के 11 अधिकारियों के खिलाफ स्वप्रेरणा से मामला दर्ज किया है।
उप लोकायुक्त की यात्रा की घोषणा एक सप्ताह पहले ही संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से की गई थी। अधिकारियों को यह भी पहले से पता था कि उप लोकायुक्त किस दिन आएंगे। उप लोकायुक्त को गुमराह करने के लिए तैयार बैठे अधिकांश अधिकारियों ने भवनों के बाहरी हिस्से को सुंदर बनाने के लिए उन पर रंग-रोगन और सफेदी करवा ली थी परन्तु उप लोकायुक्त वीरप्पा की कड़ी निगरानी से अधिकारी पकड़े गए ।
उप लोकायुक्त वीरप्पा ने तीन दिनों तक सुबह तडक़े ही कई स्थानों का दौरा कर वहां की अव्यवस्था को देखकर अधिकारियों को झटका दिया था। लोगों को मूलभूत (बुनियादी) सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के लिए फटकार लगाई थी। उन्होंने पाया कि सरकारी कर्मचारी फोनपे और गूगलपे के माध्यम से अनियमितताएं कर रहे थे।
अपने अधिकारियों के माध्यम से यह सब रिकॉर्ड कर उपलोकायुक्त वीरप्पा ने 11 अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू करने के लिए तैयार हुए हैं। जांच से जुड़े सभी अधिकारियों को नोटिस जारी करने की संभावना है।
नगर परिषद आयुक्त के खिलाफ अधिक मामले
हावेरी में डेरा डालने वाले उप लोकायुक्त वीरप्पा ने कई स्थानीय स्थानों का दौरा किया था। उन्होंने नगर परिषद का भी त्वरित दौरा कर निरीक्षण किया था। वहां की अव्यवस्था और अनियमितता को देखते हुए उन्होंने हावेरी जिले के अधिकारियों में नगर परिषद आयुक्त के खिलाफ ही सबसे अधिक मामले दर्ज किए हैं।
जल शोधन संयंत्र में पानी का शुद्धिकरण ठीक से नहीं हो रहा है। लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं कराने के आरोप में नगर परिषद आयुक्त के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हेग्गेरी झील का विकास नहीं किया, नगर परिषद में कई कमियां हैं और गौरापुर में ठोस अपशिष्ट निपटान इकाई में अव्यवस्था और समस्याएं हैं। इन सभी कारणों को लेकर नगर परिषद आयुक्त के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हावेरी नगर परिषद के स्थायी नगर आयुक्त वर्तमान में काम नहीं कर रहे हैं। हावेरी के उप विभागीय अधिकारी चन्नप्पा प्रभारी नगर आयुक्त के रूप में काम कर रहे हैं। वे उप लोकायुक्त के दौरे के दौरान भी मौजूद थे।
एपीएमसी में समस्याएं
हावेरी, ब्याडगी और राणेबेन्नूर एपीएमसी में कई समस्याएं पाई गई हैं। किसानों को बुनियादी सुविधाएं नहीं देने, अतिरिक्त कमीशन वसूलने और तौल में धोखाधड़ी करने के आरोप में एपीएमसी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एशिया के सबसे बड़े मिर्च बाजारों में से एक, ब्याडगी बाजार में वजन में विसंगति थी। एपीएमसी कार्यालय में स्थित तौल मशीन में ही धोखाधड़ी हो रही थी। वीरप्पा ने इसका पता लगाता और अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
बस स्टैंड पर अव्यवस्था
उप लोकायुक्त ने हावेरी सेंट्रल बस स्टैंड का भी दौरा किया और वहां की अव्यवस्था के खिलाफ मामला भी दर्ज किया है। इस संबंध में डिपो प्रबंधक रमण गौड़ा पाटिल को नोटिस जारी करने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान वाहन पार्किंग और शौचालय के लिए अतिरिक्त शुल्क वसूलने समेत कई अनियमितताएं सामने आईं थी।
किसान संपर्क केंद्र पर अव्यवस्था
वीरप्पा ने हावेरी में किसान संपर्क केंद्र का भी दौरा किया था। वे वहां देखी गयी अव्यवस्था से नाराज थे। इस संबंध में कृषि अधिकारी बसनगौड़ा पाटिल और संयुक्त निदेशक बी.एच. वीरभद्रप्पा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
आरटीओ कार्यालय में अव्यवस्था
उप लोकायुक्त बी. वीरप्पा ने हावेरी क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कार्यालय में भी बहत सारी अव्यवस्था देखी। वीरप्पा ने आरटीओ के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया है।
लोकायुक्त सूत्रों ने बताया कि हावेरी जिला मुख्यालय स्थित आरटीओ कार्यालय और राणेबेन्नूर तालुक स्थित सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में समस्याएं पाई गई थीं। इसलिए दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
इन अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज
नगर आयुक्त, हावेरी नगर परिषद
रमण गौड़ा पाटिल, हावेरी डिपो मैनेजर, उत्तर पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम
राजाराम नीलगिरी, सहायक सचिव, हावेरी एपीएमसी
बी.एस. गौड़ा, सहायक सचिव, ब्याडगी एपीएमसी
परमेश्वरप्पा, सहायक सचिव, राणेबेन्नूर एपीएमसी
बसनगौड़ा पाटिल, कृषि अधिकारी, हावेरी
बी.एच. वीरभद्रप्पा, सहायक निदेशक, कृषि विभाग
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ), हावेरी
सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, हावेरी
गौतम एच.जी., सहायक निदेशक, नगर एवं ग्रामीण योजन विभाग, हावेरी
एस.पी. पुजार, सहायक नियंत्रक, विधिक मापतौल विभाग, हावेरी