नाबालिग को कार देने वाले सहित दो गिरफ्तार
पुलिस की सख्त कार्रवाई
हुब्बल्ली. सोशल मीडिया रील्स बनाने के जुनून ने एक मासूम की जान ले ली। हुब्बल्ली के विद्यानगर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में 15 वर्षीय नमिष संगलद की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नागराज रायकर नामक कार मालिक ने अपने नाबालिग बेटे को कार चलाने के लिए दी थी। इसी दौरान “एक्शन रील” बनाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार नमिष को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शहर के शेजवाडकर प्लॉट क्षेत्र में हुआ।
घटना के बाद विद्यानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार मालिक नागराज रायकर सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि उक्त कार नागराज ने उत्तर प्रदेश से खरीदी थी।
पुलिस ने वाहन चला रहे नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह (बाल मंदिर) भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों को वाहन देने और सोशल मीडिया के खतरनाक ट्रेंड्स पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने भी इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

