शिवमोग्गा घटना पर जांच जारी
लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई : रंगनाथ हाड्य
शिवमोग्गा. कर्नाटक के शिवमोग्गा चिडय़िाघर में दरियाई घोड़े (हिप्पोपोटेमस) के हमले में जान गंवाने वाली ट्रेनी पशु चिकित्सक डॉ. समीक्षा रेड्डी की स्मृति में बन्नेरघट्टा जैविक उद्यान में हाल ही में जन्मे शावक का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। यह जानकारी राज्य चिडिय़ाघर प्राधिकरण के अध्यक्ष रंगनाथ हाड्य ने दी।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद रंगनाथ ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। मामले की जांच पुलिस और वन विभाग द्वारा की जा रही है तथा रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, डॉ. समीक्षा रेड्डी को “शहीद” का दर्जा देने पर भी सरकार स्तर पर विचार किया जाएगा।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डॉ. समीक्षा रेड्डी दरियाई घोड़े के उपचार के लिए उसके बाड़े में गई थीं। बताया जा रहा है कि मादा हिप्पो गर्भवती थी और पहले दो बार शावक खो चुकी थी, जिससे वह अत्यधिक संवेदनशील और आक्रामक अवस्था में थी। इसी दौरान स्थिति बिगडऩे पर डॉक्टर बचने की कोशिश में सीढ़ी से फिसलकर गिर गईं, जिसके बाद हिप्पो ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि चिडिय़ाघर में पशु चिकित्सकों की कमी है और इस पर भी रिपोर्ट मांगी गई है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की जाएगी।

