जिलाधिकारी स्नेहल आर. ने किया स्पष्ट
बुकिंग के बाद 2-6 दिन की देरी संभव
अनावश्यक अग्रिम बुकिंग से बढ़ रहा दबाव
हुब्बल्ली. जिलाधिकारी स्नेहल आर. ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि बुकिंग के बाद वितरण में 2 से 3 दिन, और कुछ मामलों में 5 से 6 दिन की देरी हो सकती है, लेकिन सभी ग्राहकों को नियमानुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंगलवार को शहर स्थित श्रीराम एचपी गैस एजेंसी के औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। एजेंसी संचालक ने बताया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है और नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के अनुसार, वर्तमान में जिले में 16,822 घरेलू गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि प्रतिदिन करीब 10,000 सिलेंडरों का वितरण किया जाता है। हालांकि, हाल के दिनों में प्रति एजेंसी औसतन वितरण 400-450 से घटकर 350-360 सिलेंडर प्रतिदिन रह गया है, जिससे डिलीवरी में कुछ विलंब हो रहा है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता होने पर ही गैस बुक करें। अनावश्यक अग्रिम बुकिंग से आपूर्ति तंत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण एवं एक सिलेंडर से दूसरे में गैस स्थानांतरण करना पेट्रोलियम अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत संबंधित खाद्य निरीक्षकों को देने की अपील की गई है।
नई सरकारी गाइडलाइन के अनुसार, उज्ज्वला योजना के लाभार्थी 45 दिनों में एक बार, जबकि अन्य उपभोक्ता 25 दिनों में एक बार गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि पहले बुकिंग करने वालों को प्राथमिकता दें, किसी प्रकार की देरी होने पर उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी दें और वितरण में पारदर्शिता बनाए रखें।
उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन और खाद्य विभाग मिलकर आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित बनाए हुए हैं। जनता के सहयोग से जिले में किसी भी प्रकार की गैस कमी की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

