घबराने की जरूरत नहीं, नियमित आपूर्ति जारी
डीसी नागेंद्र प्रसाद ने कहा
खाड़ी युद्ध की अफवाहों से पैदा हुआ भ्रम
प्रशासन ने किया खंडन
बल्लारी. जिले में घरेलू (एलपीजी) गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना वजह गैस एजेंसियों के सामने भीड़ न लगाएं और घबराहट में आकर सिलेंडर लेने न दौड़ें।
उन्होंने कहा कि शहर क्षेत्रों में प्रत्येक 25 दिनों में और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों में एक सिलेंडर नियमित रूप से उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिले में पर्याप्त आपूर्ति, रोजाना हजारों सिलेंडर की आवक
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कुल 27 गैस वितरण एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें शहरी क्षेत्रों में 2,27,838 और ग्रामीण क्षेत्रों में 1,64,497 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। प्रतिदिन 8 से 10 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है, जिससे सामान्य जरूरतें पूरी हो रही हैं। हालांकि, वाणिज्यिक (कमर्शियल) सिलेंडरों की मांग प्रतिदिन लगभग 1,000 है, जिसमें फिलहाल थोड़ी कमी देखी जा रही है, लेकिन जल्द ही इसे भी संतुलित कर लिया जाएगा।
कुछ इलाकों में पैनिक, एजेंसियों के बाहर भीड़
कंप्ली और कुरुगोडु सहित कुछ क्षेत्रों में लोगों ने गैस की कमी की आशंका में एजेंसियों के बाहर कतारें लगा दीं। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल अफवाहों के कारण पैदा हुआ पैनिक है और वास्तविकता में कोई संकट नहीं है।
कालाबाजारी पर सख्ती, जांच के लिए टीम गठित
जिलाधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अधिक कीमत पर बिक्री और होटल या व्यावसायिक उपयोग में दुरुपयोग की शिकायतें मिली हैं। इन मामलों की जांच के लिए प्रत्येक तालुक में विशेष टीमों का गठन किया गया है।
नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऐसी किसी भी अनियमितता की सूचना तहसीलदार के नेतृत्व वाली जांच टीम को दें।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
