जिलाधिकारी ने अफवाहों पर लगाई रोक
घबराकर अतिरिक्त बुकिंग या भंडारण न करें, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन दी चेतावनी
बेलगावी. जिलाधिकारी मोहम्मद रोशन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें।
मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले को प्रतिदिन करीब 25 हजार घरेलू गैस सिलेंडरों की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में 20 से 22 हजार सिलेंडर प्रतिदिन उपलब्ध हो रहे हैं। आने वाले दिनों में आपूर्ति और बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने लोगों से जल्दबाजी में अतिरिक्त बुकिंग न करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि बेलगावी में 35 हजार पीएनजी कनेक्शन हैं और उपभोक्ताओं को विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए गैस खपत को लगभग 60 प्रतिशत तक सीमित रखने की सलाह दी गई है।
वाणिज्यिक उपयोग को लेकर उन्होंने कहा कि जिले में प्रतिदिन 1,600 कमर्शियल सिलेंडरों की मांग है, जबकि 600 सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं। होटल मालिकों और तेल कंपनियों के साथ बैठक कर आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं। साथ ही, व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे 42 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
ईंधन आपूर्ति पर उन्होंने कहा कि जिले में 560 पेट्रोल पंप (शहर में 50) हैं, जिन्हें तीन डिपो से नियमित सप्लाई मिल रही है। यदि किसी पंप पर ईंधन खत्म भी होता है, तो पांच घंटे के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि घरों में पेट्रोल-डीजल का अतिरिक्त भंडारण करना न केवल अवैध है, बल्कि खतरनाक भी है।
शहर पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर बोतल या कैन में ईंधन बिक्री की अनुमति नहीं है। अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना नागरिक 112 हेल्पलाइन पर दे सकते हैं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

