मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के कोप्पल दौरे के कारण बल्लारी डिवीजन से 25 बसें तैनात
कोप्पल. मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या 6 अक्टूबर को कोप्पल जिले के दौरे पर रहेंगे। वे इस दौरान लाभार्थी सुविधा वितरण समारोह, विभिन्न विकास योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
कल्याण कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम (केकेआरटीसी) के बल्लारी प्रभागीय नियंत्रक अधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम के लिए गंगावती, कोप्पल और कारटगी तालुकों से लाभार्थियों को लाने के लिए बल्लारी विभाग से 25 बसें अस्थायी अनुबंध के आधार पर कोप्पल जिले को उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी कारण 5 अक्टूबर की शाम और 6 अक्टूबर पूरे दिन बल्लारी, सिरुगुप्पा, तेक्कलकोटे, कुरुगोडु, कुडतिनी, कंप्ली और संडूर क्षेत्रों से विभिन्न स्थानों के लिए चलने वाली नियमित सरकारी बस सेवाओं में व्यवधान रहेगा। स्कूल-कॉलेज के छात्र और आम जनता से सहयोग की अपील की गई है।
204.57 करोड़ रुपए की अमृत 2.0 परियोजना का शिलान्यास
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या कोप्पल शहर में नगर विकास विभाग, जिला प्रशासन, कर्नाटक अर्बन वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड, कनकगिरी टाउन पंचायत और कारटगी नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में 204.57 करोड़ रुपए की अमृत 2.0 परियोजना का शिलान्यास करेंगे।
इस योजना के तहत तुंगभद्रा जलाशय से कनकगिरी और कारटगी नगरों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। कार्यक्रम 6 अक्टूबर (सोमवार) सुबह 11 बजे, होसपेट रोड स्थित मारुति सुजुकी शोरूम के सामने अगड़ी कॉलोनी में होगा।
सुरक्षा और ट्रैफिक के लिए कड़े इंतजाम
पुलिस अधीक्षक डॉ. राम एल. अरसिद्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के लिए 2,500 पुलिसकर्मियों को विभिन्न जिलों से बुलाया गया है, जिनके ठहरने की व्यवस्था सामुदायिक भवनों और कल्याण मंडपों में की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने वाहन पास और पहचान पत्रों के साथ फोटो जमा करें।
साथ ही, कोप्पल बस स्टैंड से कार्यक्रम स्थल तक की सडक़ों पर वाहन पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस, नगर परिषद, बिजली विभाग (जेस्कॉम) सहित सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने कर्तव्यों को जिम्मेदारी से निभाने का निर्देश दिया गया है।

