तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ
62 प्रशिक्षक ले रहे भाग
हुब्बल्ली. जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम के धारवाड़ कार्यालय स्थित आजादी का अमृत महोत्सव सभागार में बुधवार को फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला का उद्घाटन महानगर निगम की नगर जनगणना अधिकारी अनुराधा वस्त्रद ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आगामी जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 1 से 15 अप्रेल 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके बाद 16 अप्रेल से 15 मई तक गणनाकारों की ओर से घरों की सूचीकरण (हाउस लिस्टिंग) तथा गृह जनगणना (हाउसहोल्ड सेंसस) का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया को डिजिटल प्रणाली के माध्यम से संचालित की जाएगी। इसी उद्देश्य से फील्ड ट्रेनरों को जनगणना की कार्यपद्धति, आंकड़ों के संकलन तथा तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि आगामी सर्वेक्षण सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
वस्त्रद ने कहा कि धारवाड़ जिले में यह प्रशिक्षण 11, 12 और 13 मार्च तक तीन दिनों तक चलेगा। बेंगलूरु स्थित जनगणना निदेशालय के सांख्यिकी अन्वेषक एवं जिला समन्वयक मंजुनाथ एम.एस. के मार्गदर्शन में जिले के तीन मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला में धारवाड़ जिले के कुल 62 फील्ड ट्रेनर भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से सहायक निदेशक आर.एम. कांतेप्पगौडर तथा महानगर निगम की सहायक निदेशक रश्मि कौशिक उपस्थित थे।

