कुद्रेमुखा-सोमेश्वर-मूकाम्बिका में प्रवेश निषिद्ध
वन विभाग का आदेश: 11 ट्रैकिंग मार्ग बंद
कार्कल (उडुपी). फायर सीजन (आग लगने का मौसम) के नजदीक आते ही वन विभाग ने सार्वजनिक सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। कुद्रेमुख राष्ट्रीय उद्यान, सोमेश्वर वन्यजीव अभयारण्य और मूकाम्बिका वन्यजीव अभयारण्य की सीमा में आने वाले सभी प्रमुख ट्रैकिंग मार्गों पर 14 जनवरी से अगले आदेश तक अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कुद्रेमुख वन्यजीव प्रभाग, कार्कल के उप वन संरक्षक ने बताया कि यह निर्णय आग की घटनाओं की आशंका और पर्यटकों व वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
वन विभाग ने निर्देश दिया है कि इस प्रतिबंध की जानकारी जनता तक व्यापक रूप से पहुंचाई जाए। इसके लिए सूचना पट्ट (नोटिस बोर्ड) लगाए जाएंगे, पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी तथा सभी प्रतिबंधित ट्रैकिंग मार्गों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने पर्यटकों, साहस प्रेमियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे आदेश का पालन करें और सहयोग दें, ताकि फायर सीजन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और प्राकृतिक संपदा की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
प्रतिबंधित ट्रैकिंग मार्ग
गंगडिकल ट्रैक
कुद्रेमुख ट्रैक
कुरिंजालु ट्रैक
वालिकुंज ट्रैक – एस.के. बॉर्डर
वालिकुंज ट्रैक – करवाशे
नरसिंह पर्वत – किग्ग
नरसिंह पर्वत – मलंदूर
कोडचाद्री – वळूर
कोडचाद्री – हिडलुमने
बंडाजी – वोलंब्र
नेत्रावती ट्रैक

