बसवकल्याण के नारायणपुर में विवाह समारोह के दौरान हादसा
बड़ा नुकसान टला
बीदर. जिले के बसवकल्याण तालुक के नारायणपुर गांव में सोमवार को अचानक आग लगने से दो कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। यह घटना उस समय हुई जब कार मालिक गांव के कल्याण मंडप में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये दोनों कारें यादगीर जिले के शहापुर से आए दो व्यक्तियों की थीं। कार्यक्रम के दौरान अचानक कारों में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया, लेकिन जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं।
कोई जनहानि नहीं
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

