कापू में हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा
19 लाख रुपए की चोरी के मामले में तीन अन्य की तलाश तेज
उडुपी. जिले के कापू क्षेत्र में पूर्व केएमएफ अध्यक्ष दिवाकर शेट्टी के घर हुई हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो कुख्यात अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। यह चोरी 30 जनवरी को कोतलकट्टे स्थित उनके घर में हुई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के तिरुक्कुरुंकुडी निवासी इसाकी राज (28) और नंबी राज (23) के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ तमिलनाडु और केरल के विभिन्न पुलिस थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इस वारदात में शामिल तमिलनाडु के तीन अन्य प्रमुख आरोपियों की तलाश अभी जारी है। चोरी की गई संपत्ति को बरामद करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
मामले के अनुसार, दिवाकर शेट्टी अपने परिवार के साथ मुंबई गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला मजबूत हथियार से तोडक़र भीतर प्रवेश किया। उन्होंने पूजा कक्ष और मास्टर बेडरूम की अलमारी से चांदी के सामान, लगभग 30 ग्राम का पिघला हुआ सोने का बिस्किट, महंगी घड़ी तथा नकदी सहित कुल करीब 19.05 लाख रुपए मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली।
घटना के समय घर में सो रहे सुरेश देवाडिगा का मोबाइल फोन भी चोर अपने साथ ले गए और बाद में उसे पोलिपु मस्जिद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर फेंक दिया।
कापू पुलिस थाने में दर्ज इस मामले की जांच सर्किल इंस्पेक्टर अजमत अली के नेतृत्व में चल रही थी। उडुपी जिला पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुधाकर एस. नाइक और कार्कला उपविभागीय पुलिस उपाधीक्षक एस. विजयप्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

