फर्जी अकाउंट बनाकर वीडियो वायरल किया
साइबर क्राइम पुलिस की कार्रवाई
शिवमोग्गा. सोशल मीडिया पर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर एक व्यक्ति का निजी वीडियो अपलोड करने के आरोप में शिवमोग्गा साइबर क्राइम पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीमा जूलियन सेरावो (45) और सी.जे. निशांत (29) के तौर पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़त व्यक्ति ने 6 फरवरी को शिवमोग्गा साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका निजी वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर दिया है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
जिला पुलिस अधीक्षक निखिल बी. के निर्देश पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के निरीक्षक मंजुनाथ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने शिवमोग्गा जिले के होसनगर की निवासी और पेशे से ब्यूटीशियन सीमा जूलियन सेरावो तथा बेंगलूरु के दासनपुर निवासी व्यवसायी सी.जे. निशांत को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश जारी है।
पुलिस विभाग ने नागरिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले फोटो, वीडियो या आपत्तिजनक सामग्री साझा करना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

