कई शहरों में पेयजल संकट की आशंका
बेलगावी/हुक्केरी. गर्मी की शुरुआत के साथ ही बेलगावी जिले के हिडकल जलाशय (राजा लखमगौड़ा बांध) में जलस्तर तेजी से गिरने लगा है, जिससे आने वाले दिनों में पेयजल संकट गहराने की आशंका जताई जा रही है। हुक्केरी तालुक सहित बेलगावी शहर, गोकाक, मूडलगी, बागलकोट और मुधोल जैसे कई कस्बों और गांवों में पानी की किल्लत सामने आ सकती है।
51.16 टीएमसी क्षमता वाले इस प्रमुख जलाशय में इस समय पानी का स्तर पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम है। अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में जलाशय में केवल 20.992 टीएमसी पानी उपलब्ध है, जबकि पिछले वर्ष इसी समय 25.899 टीएमसी पानी था। यानी इस बार करीब 4.907 टीएमसी पानी की कमी दर्ज की गई है। इसमें से लगभग 9 टीएमसी पानी केवल पेयजल आवश्यकताओं के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है।
अप्रेल अंत तक बढ़ सकती है समस्या
गर्मी की शुरुआत में ही हुक्केरी तालुक के कुछ गांवों में पानी की समस्या दिखाई देने लगी है। प्रशासन ने संभावित प्रभावित गांवों में टैंकर के जरिए पानी आपूर्ति के निर्देश दिए हैं। अनुमान है कि अप्रेल के अंतिम सप्ताह तक स्थिति और गंभीर हो सकती है।
पानी बंटवारे की बड़ी चुनौती
एक ओर किसान फसलों को बचाने के लिए नहरों में पानी छोडऩे की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पीने के पानी की जरूरत और जलाशय में सीमित जल भंडारण को देखते हुए प्रशासन के सामने संतुलन बनाना बड़ी चुनौती बन गया है। अधिकारियों के अनुसार, जुलाई अंत तक मानव और पशुओं के लिए पानी सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।
इन क्षेत्रों पर ज्यादा असर
हुक्केरी क्षेत्र के हुल्लोली, हुल्लोली हट्टी, यादगुड, हरगापुर और हरगापुरगढ जैसे गांवों में पानी की कमी की आशंका को देखते हुए टैंकर से जल आपूर्ति की तैयारी की जा रही है।
जनता से अपील
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए करें। नलों से पानी व्यर्थ बहने न दें और इसे सामाजिक जिम्मेदारी समझकर बचत करें। सही उपयोग और सामूहिक सहयोग से ही गर्मी के मौसम में जल संकट को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

