खाली घड़ों के साथ सडक़ जाम कर किया प्रदर्शन
कई वार्डों में अनियमित जलापूर्ति से बढ़ी परेशानी
इलकल (बागलकोट). शहर में भीषण गर्मी के बीच पिछले दो-तीन दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जल संकट के कारण शहर के कई इलाकों में हाहाकार की स्थिति बन गई है।
इलकल शहर को आलमट्टी जलाशय से पानी की आपूर्ति की जाती है और यहां 24 घंटे जलापूर्ति योजना लागू होने का दावा किया जाता है। हालांकि पिछले कुछ समय से यह योजना केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रही है। करीब दो-तीन महीनों से जलापूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। कभी पानी बहुत धीमी गति से आता है तो कभी पूरी तरह बंद हो जाता है।
पानी की समस्या से नाराज गवलीयर गुडी और अलमपुर पेट क्षेत्र के निवासियों ने खाली घड़े लेकर धरना दिया और सडक़ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने नियमित जलापूर्ति की मांग करते हुए नगर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
शहर के कुल 31 वार्डों में रहने वाले लोगों का कहना है कि कई वार्डों में पानी देर रात को आता है, लेकिन उसका कोई निश्चित समय नहीं है। ऐसे में लोगों को पानी भरने के लिए रात भर जागना पड़ता है, जिससे दिन में कामकाज प्रभावित होता है।
निवासियों के अनुसार जब नगरसभा के अधिकारियों या वार्ड सदस्यों से शिकायत की जाती है तो वे मोटर खराब होने या पाइपलाइन में रिसाव का हवाला देते हैं।
लोगों का कहना है कि आलमट्टी जलाशय में पानी की कमी नहीं है, फिर भी शहर में नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जलापूर्ति बाधित होने से दैनिक जीवन के कई कामकाज प्रभावित हो रहे हैं और लोगों में प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।

