शिव-पार्वती की भव्य शोभायात्रा, श्रद्धा और उत्साह का संगम
रबकवी-बनहट्टी (बागलकोट). माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने शनिवार को गणगौर पूजा के अवसर पर शिव-पार्वती की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा निकालकर धार्मिक आस्था और परंपरा का सुंदर प्रदर्शन किया।
यह शोभायात्रा शहर के बालाजी मंदिर से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से होती हुई वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच आगे बढ़ी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने शिव-पार्वती की प्रतिमाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की और श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मेला-सा माहौल बने इस आयोजन में महिलाओं ने देवी-देवताओं को नैवेद्य अर्पित कर प्रसाद के रूप में मिठाई वितरित की। शोभायात्रा भद्रनवर के घर परिसर स्थित बावड़ी तक पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद पुन: बालाजी मंदिर तक वापस लाई गई।
इस अवसर पर समाज की प्रमुख महिलाएं-ज्योति काबरा, पद्मा मालपाणी, शीतल लड्डा, गीता भट्टड़, भाग्यश्री राठी, अनुराधा भट्टड़, तारा डागा, हेमा चिंडक, अनीता चिंडक, प्रजक्ता लड्डा, ज्योति भट्टड़, नीला चिंडक, रश्मि काबरा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।
पूरे आयोजन में महिलाओं का उत्साह, भक्ति और पारंपरिक रंग-रूप देखते ही बनता था, जिसने शहर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर दिया।

