बागलकोट उपचुनाव में सियासी संग्राम तेज
भाजपा ने जीत का किया दावा
चुनाव आयोग के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों का तबादला
बागलकोट. बागलकोट उपचुनाव में सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येडिूरप्पा ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या पर तीखे शब्दों में हमला बोलते हुए उन्हें “विश्वासघात का प्रतीक” बताया।
समाज के नाम पर कर रहे प्रचार
येडियूरप्पा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या केवल अपने समुदाय के उम्मीदवार के समर्थन में ही क्षेत्र में बार-बार प्रचार के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के पैसे का दुरुपयोग कर रही है और खजाने को लूटने में लगी हुई है।
भाजपा की जीत का भरोसा
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरोसा दिलाते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह के दम पर बागलकोट और दावणगेरे दोनों उपचुनावों में भाजपा उम्मीदवार जीत हासिल करेंगे।
येडियूरप्पा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पैसे और ताकत के दम पर चुनाव जीतने की सोच रखने वालों को जनता सबक सिखाएगी।
केंद्रीय नेताओं के प्रचार से बढ़ा जोश
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के प्रचार में शामिल होने से पार्टी को और मजबूती मिली है और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का तबादला
इस बीच, चुनाव आयोग के निर्देश पर बागलकोट में पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के मामले के बाद यह कार्रवाई की गई।
महिला थाना सीपीआई विजय मुरगुंडी को विजयपुर और नवनगर थाना सीपीआई अशोक चव्हाण को बेलगावी आईजीपी कार्यालय भेजा गया है। वहीं उनकी जगह नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
विवाद के बाद बढ़ी राजनीतिक गर्मी
शनिवार को एस. निजलिंगप्पा मेडिकल कॉलेज परिसर में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से पर्चे बांटने के बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई थी।
बागलकोट उपचुनाव अब पूरी तरह राजनीतिक प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका है, जहां आरोप-प्रत्यारोप के बीच चुनावी माहौल और अधिक गर्म होता जा रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

