विधायक महेश टेंगिनकाई ने जताया विश्वास
हुब्बल्ली. विधायक महेश टेंगिनकाई ने कहा कि हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 39, 41 और 46 में चल रहे विकास कार्य एक माह में पूरे हो जाएंगे।
शहर के सर्किट हाउस में बुधवार को वार्ड संख्या 39, 41 और 46 में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए टेंगिनकाई ने कहा कि इन वार्डों में चल रहे पेयजल पाइपलाइन बिछाने, मलजल निकासी, नालियों के निर्माण के लिए खोदी गई सडक़ों से स्थानीय लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। पिछले एक साल से चल रहे इस कार्य से लोगों के स्वास्थ्य पर हो रहे असर औह हादसों को लेकर स्थानीय लोग शिकायत कर रहे हैं। इसके चलते संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों की बुधवार को चौथी बार बैठक कर कार्य प्रगति की समीक्षा की है। यह कार्य पांच पैकेजों में किया जा रहा है। इनमें से तीन पैकेजों में थोड़ी समस्या है और इनमें 90 फीसदी काम पूरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि विभागों के बीच सामंजस्य की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई थी। लगातार बैठकें कर सामंजस्य स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। अशोक नगर गेट से सबजेल तक की सडक़ की समस्या है। पाइपलाइ, यूजीडी कार्य पूरा होने के बाद सडक़ का काम पूरा किया जाएगा। इसके लिए एक माह का समय लगेगा। इस सडक़ पर धूल से बचने के लिए नगर निगम को पानी का छिडक़ाव करने का निर्देश दिया है।
टेंगिनकाई ने कहा कि विभागों के बीच स्थित असमंजसता को दूर किया गया है। समस्या का समाधान करने का कार्य हुआ है। साईंनगर रोड का भी कार्य लगभग पूरा हुआ है। आरएन शेट्टी रोड की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। वास्तविकता जानकर अतिक्रमण हुआ है तो इसे हटाया जाएगा या फिर अधिग्रहण कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सडक़ कार्य के लिए अतिरिक्त 43 करोड़ रुपए लंबित राशि को मंजूर करने के लिए संबंधित मंत्री और विभाग के अधिकारियों से चर्चा की है। विधानमंडल सत्र से पहले इस राशि के मंजूर होने का विश्वास है। अगर राशि मंजूर नहीं हुई तो इस बारे में सत्र में सवाल किया जाएगा।
टेंगिनकाई ने कहा कि विकास कार्य में बाधा बनने वाले पेड़ों को काटने की अनुमति देने का वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। इस पेड़ों को हटाए बिना कार्य नहीं हो पाएगा। स्मार्ट सिटी योजना के तहत किए गए कार्यों को नगर निगम को हस्तांतरित करने को लेकर नगर निगम की साधारण बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। शीघ्र इन्हें हस्तांतरित किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त डॉ. ईश्वर उल्लागड्डी के तबादले को लेकर कांग्रेस पार्षदों की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के बारे में विधायक टेंगिनकाई ने कहा कि हमें आयुक्त से कोई शिकायत नहीं है। नगर निगम आयुक्त ने विकास कार्यों में हमारा समर्थन किया है। सभी पार्षदों को विश्वास में लेकर कार्य कर रहे हैं। अधिकारियों से कार्य करवाना चाहिए। अधिकारियों की भी एक सीमा होती है। व्यक्तिगत हितों के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाना ठीक नहीं है। भाजपा के पार्षदों ने कभी भी आयुक्त का विरोध नहीं किया है।
संवाददाता सम्मेलन में पार्षद वीरन्ना सवडी, संतोष चौहान, सीमा मोगलिशेट्टर, नगर निगम आयुक्त डॉ. ईश्वर उल्लागड्डी आदि उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *