
भारत की आवाज से साक्षात्कार में बोले महेश टेंगिनकाई
हुब्बल्ली. तपती गर्मी के साथ दिन ब दिन चुनावी पारा भी चढ़ रहा है। राज्य ही नहीं पूरे देश का ध्यान आकर्षित करने वाला हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र भाजपा के लिए प्रतिष्ठा बना हुआ है तो वहीं कांग्रेस इस बार क्षेत्र पर हर हाल में कब्जा करने की रणनीति बनाई है। भाजपा के सभी कद्दावर नेता, केंद्र तथा राज्य सरकार हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं।
जनसंघ से आए लगातार छह बार भाजपा से विधायक, नेता प्रतिपक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री रहे जगदीश शेट्टर को टिकट नहीं देने से नाराज होकर शेट्टर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। यहीं कारण है कि भाजपा हर हाल में शेट्टर को हराना चाहती है। इसके लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। भाजपा के महेश टेंगिनकाई सुबह वाकिंग करने वालों से मुलाकात कर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। चुनाव प्रचार की व्यस्तता के बीच भाजपा उम्मीदवार महेश टेंगिनकाई ने भारत की आवाज से साक्षात्कार में विचार व्यक्त किया।
चुनाव का माहौल कैसा है?
चुनाव का माहौल भाजपा के पक्ष में है। भाजपा के सभी बड़े नेता, येड्डियूरप्पा ने वीरशैव लिंगायत नेताओं की बैठक कर समर्थन करने की अपील की है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, फिल्म अभिनेता किच्चा सुदीप ने रोड-शो किया है। भाजपा कार्यकर्ता व्यवस्थित रुप से चुनाव प्रचार में जुटे हैं। सुबह 6.30 से रात्रि 10 बजे तक प्रचार कर रहा हूं। जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। जनता इस बार परिवर्तन चाह रही है।
आपके लिए प्लस प्वाइंट क्या है?
हुब्बल्ली-धारवाड़ सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र भाजपा का गढ़ है। यहां के मतदाता व्यक्ति को नहीं पार्टी को वोट देते आए हैं। व्यक्ति बदलते रहते हैं। क्षेत्र में भाजपा की मजबूत पकड़ है। सभी नेता, कार्यकर्ता और समाजों का साथ मिला है। राजस्थानी समाज का भी बहुत समर्थन मिल रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि जनता फिर से भाजपा को जितवाएंगी।
क्षेत्र में क्या समस्याएं हैं?
क्षेत्र में जिस तेजी से विकास होना चाहिए था उस गति से नहीं हो पाया है। क्षेत्र की जनता पेयजल, सफाई, अच्छी सडक़ों की मांग कर रही है। इन समस्याओं के समाधान को प्रथम प्राथमिकता दी जाएगी।
मतदाताओं के लिए क्या आश्वान देंगे?
शहर को कचरामुक्त शहर बनाया जाएगा। डबल इंजन की सरकार होगी तो मूलभूत सुविधाओं के विकास पर जोर देंगे। शहर को देश के स्वंच्छ दस शहरों में शामिल करने की कोशिश करेंगे। रोजगार के नए अवसरों को सृजित करने की कोशिश की जाएगी। उद्योगों की स्थाना, एफएमसीजी क्लस्टर की स्थापना, नए नए उद्योगों को लाने की कोशिश की जाएगी। शहर को सुंदर पर्यटन स्थल स्थल के तौर पर विकसित किया जाएगा। औद्योगिक गलियारा स्थापित किया जाएगा। जनता से सीधे संपर्क कर शहर की जरूरतों को पूरा किया जाएगा।