कर्नाटक चुनाव 2023
-जगदीश शेट्टर ने लगाया आरोप
हुब्बल्ली.
पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने कहा कि मैं किसी प्रकार की कोई लॉबिंग कर हाथ पैर पडऩे वाला राजनेता नहीं हूं। पूर्व में खुद बीएल संतोष ने ही तेजस्विनी अनंतकुमार को टिकट से वंचित किया था।
शहर में पत्रकारों से बातचीत में बीएल संतोष पर सीधा हमला करते हुए जगदीश शेट्टर ने कहा कि बीएल संतोष को सीधे लडऩे की आदत नहीं हैं। पिछले दरवाजे से राजनीति करना उनका स्वभाव है। मैं उनकी साजिशों के बारे में आवाज उठाने वाला देश का पहला व्यक्ति हूं। इसी कारण कई लोग हमें फोन कर के बधाई दे रहे हैं।

येडियूरप्पा की फटकार को आशीर्वाद समझूंगा
शेट्टर ने कहा कि केएस ईश्वरप्पा और बीएस येडियूरप्पा कोई भी मुझे फटकार लगाते हैं तो मैं इसे आशीर्वाद के तौर पर लूंगा। बीएल संतोष को किसी के कंधे पर बंदूक रख कर गोली चलाना बंद करना चाहिए। सीधे मेरे साथ लडऩे के लिए आएं।

ऑपरेशन कमल के दौरान कहां गई थी विचारधारा?
शेट्टर ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा के बारे में बात करने की नैतिकता भाजपा के लोगों में नहीं है। मेरे पार्टी से बाहर आने के बाद अब बीजेपी वालों को विचारधारा याद आई है। पूर्व में ऑपरेशन कमल करके कांग्रेसियों को लाकर सरकार बनाने पर उनकी विचारधारा कहां चली गई थी? कांग्रेस की विचारधारा के बारे में बात करने के लिए भाजपा के पास नैतिकता नहीं है। अपराधियों को टिकट देने वाली भाजपा में कोई विचारधारा नहीं बची है। भाजपा जितनी मेरी आलोचना करेगी, मैं जीत के उतना ही करीब पहुंचूंगा। मैं सब कुछ झेल रहा हूं और ऐतिहासिक जीत हासिल करूंगा।

लोग ही भाजपा को हराने के लिए अभियान चलाएंगे
उन्होंने कहा कि जगदीश शेट्टर का चेहरा देखकर वोट देने की बात लोग कर रहे हैं। कई प्रशंसक शेटर की जीतवाएं कहकर अभियान शुरू किया है परन्तु भाजपा वाले शेट्टर हाराएं कहकर अभियान चला रहे हैं। लोगों में जगदीश शेट्टर के लिए हमदर्दी पैदा हुई है। वे सोच रहे हैं कि शेट्टर का टिकट कटना उनके लिए ही नहीं हमारे स्वाभिमान के लिए भी खतरा है। पार्टी छोडक़र जाने के बाद शेट्टर की ताकत का पता चल गया है। इसके चलते उथल-पुथल शुरू हो गई है।

राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश
जगदीश शेट्टर ने कहा कि उन्होंने मुझे राजनीतिक रूप से खत्म करने की साजिश रची थी। मौजूदा समय में हर दिन एक व्यक्ति चुनाव क्षेत्र में प्रचार करने व घूमने आ रहा है। उन्हें राज्य के अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों की चिंता नहीं है, भाजपा केवल एक शेट्टर को हराने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

प्रहलाद जोशी पर साधा निशाना
परोक्ष रूप से केंद्रीय मंत्री प्रहाद जोशी पर निशाना साधते हुए शेट्टर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री महानिगम के सभी पार्षदों पर नजर रख रहे हैं। उनकी हर हरकत पर नजर है। हमारे समर्थकों को धमका रहे हैं। वे न केवल भाजपा बल्कि कांग्रेस पार्टी के पार्षदों को भी धमकी दे रहे हैं।
लिंगायत नेतृत्व को हटाकर सरकार बनाने की कोशिश कर रही है भाजपा शेट्टर ने कहा कि भाजपा में लिंगायत नेतृत्व को पूरी तरह से नष्ट करने और लिंगायत नेतृत्व को छोडक़र सरकार बनाने की कोशिश की जा रही है।
नंबर 1 पोजीशन (मुख्यमंत्री) पर नजर रखने वाले कुछ लोगों ने इसी वजह से मेरे खिलाफ साजिश रची। उन्होंने मुझे टिकट नहीं मिले इसे सुनिश्चित किया।

यह सेमीफाइनल है
पत्रकारों ने सवाल किया कि क्या यह चुनाव जोशी और शेट्टर के बीच लड़ाई की तरह है इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि यह आगामी लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल की तरह चल रहा है।
यह पूछे जाने पर कि क्या वे लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, उन्होंने जवाब दिया कि फिलहाल वे कांग्रेस में शामिल हुए हैं। ट्रायल के तौर पर इस चुनाव के लिए खड़ा किया है। आगे की बात अभी तय नहीं हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *