ईरेश अंचटगेरी महापौर और उमा मुकुंद उपमहापौर निर्वाचित
हुब्बल्ली.
हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम पर फिर से भाजपा का कब्जा हुआ है। भाजपा के ईरेश अंचटगेरी महापौर तथा उमा मुकुंद उपमहापौर निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही धारवाड़ को महापौर तथा हुब्बल्ली को उपमहापौर का पद मिला है। इसके जरिए 38 माह बाद हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम के लिए प्रथम नागरिक का चयन हुआ है।
महानगर निगम में शनिवार सुबह महापौर तथा उपमहापौर पद के लिए चुनाव प्रक्रिया चली। महापौर पद के लिए कांग्रेस से मयूर मोरे, उपमहापौर पद के लिए दीपा नीरलकट्टी ने नामांकन सौंपा था। दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार के तौर पर ईरेश अंचटगेरी तथा उमा मुकुंद मैदान में उतरे थे। एआईएमआईएम से महापौर के लिए नजीर होन्याल तथा उपमहापौर के लिए वहीदा कित्तूर मैदान में थे।

महापौर-उपमहापौर पद के लिए भाजपा उम्मीदवारों ने 50 तथा 51 वोट प्राप्त किए। कांग्रेस के मयूर मोरे ने 35 तथा दीपा नीरलकट्टी ने 35 वोट प्राप्त किए। महानगर निगम के कुल 82 पार्षदों तथा सात जनप्रतिनिधियों ने मतदान का अधिकार प्राप्त किया था।
ईरेश अंचिटगेरी धारवाड़ के वार्ड संख्या चार से दो बार महानगर निगम पार्षद के तौर पर निर्वाचित हुए हैं। हुब्बल्ली की वार्ड संख्या 44 से पहली बार पार्षद बनी उमा मुकुंद को उपमहापौर का पद मिला है।


निर्वाचन अधिकारी बेलगावी संभागीय आयुक्त आमलान बिस्वास के नेतृत्व में महापौर व उपमहापौर चुनाव संपन्न हुआ। महानगर निगम आयुक्त डॉ. बी. गोपालकृष्ण, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त गीता कौलगी, महानगर निगम अतिरिक्त आयुक्त शंकरानंद बनशंकरी, हुब्बल्ली शहर तहसीलदार शशिधर माड्याल आदि ने चुनाव प्रक्रिया को अंजाम दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *