
जैन दीक्षा संपन्न
होसपेट (विजयनगर). सांसारिक सुखों को त्याग कर 20 वर्षीय मुमुक्षु विधि कुमारी ने बुधवार को दीक्षा ग्रहण की। नूतन दिक्षित का नाम वीरदेशनाश्री रखा। होसपेट के इतिहास में यह पहली दीक्षा है।
शहर के श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर संघ की ओर से आचार्य नररत्न सूरीश्वर एवं साध्वी यशोवर्धनाश्री आदि ठाणा के सानिध्य में बुधवार को आयोजित जैन दीक्षा समारोह में मुमुक्षु विधि कुमारी ने जैन विधि-विधानों के अनुसार संयम पथ स्वीकार किया। दीक्षा के बाद आचार्य नररत्न सूरीश्वर ने मुमुक्षु विधि कुमारी का नामकरण साध्वी वीरदेशनाश्री रखा। आचार्य के साथ 46 साधु साध्वी भगवंत पधारे थे।
शहर में मंगलवार को वरघाड़ा निकाला गया। विधि कुमारी ने एसएससी में 94.8 प्रतिशत और पीयूसी में 99 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। 10 और 12 साल की उम्र में उन्होंने 48 दिनों तक उपाधान तप किया था। कांतिलाल और रेखादेवी जीरावाला की तीसरी बेटी विधि कुमारी ने स्वेच्छा से धर्म के प्रचार के लिए दीक्षा ग्रहण किया।
मुमुक्षु विधि कुमारी को माता-पिता ने ऐसे विदा किया, जैसे शादी हो। दुल्हन की तरह लाल जोड़ा पहनाकर श्रृंगार किया था। धूमधाम के साथ मल्लगी होटल दीक्षा मंटप लाया गया। फूलों से स्वागत किया गया।
मुमुक्षु विधि कुमारी खुशी से नाचने लगी और कहने लगी मुझे इस संयम पथ पर आगे चलने की आज्ञा दे। खुशी और गम के इस माहौल में घर वाले फूट-फूटकर रोने लगे। माता-पिता ने गले लगकर आखिरी बार बेटी को दुलारा। अपने परिवार से हमेशा-हमेशा के लिए उसे विदा कर दिया। इसके बाद दीक्षा की रस्में हुईं। लाल जोड़े में सजी मुमुक्षु ने सफेद वस्त्र धारण किए और केश लोचन किया गया।
दीक्षा से पहले ढोल-नगाड़ों के साथ तीर्थ पर ले जाया गया था। घर से विदा करते हुए परिवार वाले गले मिले थे। धूमधाम से दीक्षा स्थल पर लेकर गए थे।
इस मौके पर मुमुक्षु विधि कुमारी काफी खुश नजर आई। साध्वी के रूप में बेटी के सामने आने पर माता-पिता ने आशीर्वाद लिया। लोगों ने वैराग्य पथ पर अग्रसर होने वाली साध्वी की वंदना की।
आचार्य नररत्न सूरीश्वर ने कहा कि विधि कुमारी ने जैन धर्म की सन्यास दीक्षा को अपने मन और खुले हृदय से स्वीकार किया है। हर साल पूरे देश में 300 से अधिक युवा पुरुष, महिलाएं जैन दीक्षा ले रहे हैं और धर्म के प्रसार में जुटे हैं।
कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री आनंद सिंह, विधायक सोमशेखर रेड्डी, कांग्रेस नेता एच.आर. गवियप्पा, मुहम्मद इमाम नियाज़ी, भाजपा के सिद्धार्थ सिंह, दीक्षा महोत्सव में संपूर्ण दीक्षा महोत्सव के लाभार्थी जीरावला परिवार, जैन समाज के बाबुलाल जैन, नरेन्द्र बलडोटा, बाबुलाल पालरेचा, संध अध्यक्ष केसरीमल बागरेचा सहित समस्त ट्रस्ट मंडल एवं संघ के समस्त सदस्यों ने भाग लिया था। यह जानकारी श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर संघ के सचिव अशोक मोदी ने दी।